दियोटसिद्ध मंदिर के पास कूड़ा जलाने पर न्यास सख्त, कर्मचारी को नोटिस जारी
Views: 56
हिमाचल से ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट
उत्तरी भारत के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में परिसर के समीप कूड़ा करकट जलाने का मामला सामने आया है। इस पर न्यास प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए संबंधित कर्मचारी को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है और भविष्य में इस तरह की घटना न दोहराने के निर्देश दिए हैं। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुईए जिसमें मंदिर के पास आग जलती हुई दिखाई दी। वीडियो देखने के बाद श्रद्धालुओं में भ्रम की स्थिति पैदा हो गई और कई लोगों को लगा कि मंदिर के समीप आग लग गई है।
मंदिर अधिकारी सुभाष मल्होत्रा ने कहा
कि मेले के दौरान मंदिर परिसर के आसपास कूड़ा करकट इकट्ठा हो गया था। इसे साफकरने के दौरान एक कर्मचारी ने हल्की बारिश के बीच कूड़े में आग लगा दी थी। उन्होंने बताया कि कर्मचारी मौके पर मौजूद थे और आग को फैलने से रोकने के लिए निगरानी रखी जा रही थी। हालांकि नियमों के विपरीत कूड़ा जलाने को गंभीरता से लेते हुए न्यास प्रशासन ने संबंधित कर्मचारी से जवाब तलब किया है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि मंदिर परिसर या आसपास कहीं भी कूड़ा करकट जलाने की अनुमति नहीं है। न्यास प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी जानकारी की पुष्टि आधिकारिक स्रोतों से ही करें।
