मिशन क्लीन पंजाब: नगर निगम कमिश्नर अलंकार ने सफाई और मानसून तैयारियों का लिया जायजा
Views: 120
लुधियाना, 17 जून (विक्की कुमार)
स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस के नेतृत्व में चल रहे ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के तहत नगर निगम कमिश्नर ओजस्वी अलंकार ने ढोका मोहल्ला, फील्ड गंज और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था तथा मानसून की तैयारियों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने धर्मपुरा नाले को कवर करने के लिए चल रहे प्रोजेक्ट का भी जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून शुरू होने से पहले आवश्यक कार्यों को तेज गति से पूरा किया जाए।
कमिश्नर अलंकार ने कहा कि मानसून नजदीक है, इसलिए विशेष रूप से बुद्धा दरिया के आसपास स्थित निचले इलाकों में जलभराव रोकने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि बुद्धा दरिया की सफाई का कार्य तेजी से चल रहा है। साथ ही शहर की सीवरेज लाइनों की सफाई के लिए भी बड़े स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है, ताकि बारिश के मौसम में जलभराव की समस्या को रोका जा सके।
‘मिशन क्लीन पंजाब’ के बारे में बोलते हुए अलंकार ने कहा कि सभी वरिष्ठ अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर स्थिति का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। वे स्वयं भी नियमित फील्ड निरीक्षण कर रहे हैं और स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि नागरिकों से लगातार फीडबैक लिया जा रहा है। यदि सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी या लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अमनप्रीत सिंह, रणजीत सिंह, अश्विनी सहोता सहित अन्य नगर निगम अधिकारी भी मौजूद रहे।
Jeet Samachar Daily Hindi Newspaper Ludhiana – RNI PUNHIN/2013/60106. Read today’s e-paper online at zeetsamachar.com”
