हिमाचल में प्री-मानसून सक्रिय, 18-19 जून को ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट

0

Views: 32

शिमला:18 जून दिनेश कुमार शर्मा

हिमाचल प्रदेश में प्री-मानसून बारिश का दौर शुरू हो गया है। राजधानी शिमला में बुधवार को मौसम खराब रहा। दोपहर बाद धुंध छाने के साथ हल्की बारिश हुई। प्रदेश के कई अन्य क्षेत्रों में भी कहीं बारिश तो कहीं धूप का दौर जारी रहा।

मौसम विभाग ने 22 जून तक प्रदेश में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है। 18 और 19 जून को ओलावृष्टि की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

18 जून को चम्बा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट है। वहीं 19 जून को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में यही चेतावनी जारी की गई है।

लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर अन्य जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। 20 से 22 जून तक गरज-चमक और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा लगातार आगे बढ़ रही है। अनुकूल परिस्थितियां बनी रहीं तो मानसून 25 जून के आसपास हिमाचल प्रदेश में दस्तक दे सकता है।

कटौला में सबसे अधिक बारिश

पिछले 24 घंटों में प्रदेश में कई जगह बारिश रिकॉर्ड की गई। कटौला में सबसे अधिक 60.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। इसके अलावा मंडी में 37.2 मिमी, जोगिंद्रनगर में 16 मिमी, पंडोह में 15.8 मिमी और भुंतर में 8.6 मिमी बारिश हुई।

मौसम के बदलते मिजाज और ओलावृष्टि की आशंका से बागवानों की चिंता बढ़ गई है। सेब, आड़ू, पलम, खुबानी और सब्जियों की फसलों को नुकसान का खतरा बना हुआ है। किसानों और यात्रियों को मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

 

Jeet Samachar Daily Hindi Newspaper Ludhiana – RNI PUNHIN/2013/60106. Read today’s e-paper online at zeetsamachar.com”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *