17 ग्राम चिट्टा बरामदगी मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीसरा आरोपी गिरफ्तार
Views: 4
शिमला 17 जून (जीत समाचार)
जिला शिमला के थाना सुन्नी में दर्ज 17 ग्राम चिट्टा बरामदगी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले इस केस में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जो फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।
पुलिस के अनुसार, 13 मई को थाना सुन्नी क्षेत्र में 17 ग्राम चिट्टा बरामद होने के बाद महेश कुमार और मनोरमा देवी को गिरफ्तार किया गया था। जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने वित्तीय लेन-देन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की गहन जांच की।
जांच में सामने आया कि जगत राम उर्फ जग्गू (34), निवासी गांव भथल, डाकघर भथल, तहसील करसोग, जिला मंडी, का आरोपी महेश कुमार के साथ लगातार संपर्क और वित्तीय लेन-देन था। पुलिस जांच में दोनों के बीच चिट्टे की खरीद और सप्लाई को लेकर सांठगांठ के संकेत मिले।
पुलिस के मुताबिक तकनीकी और वित्तीय साक्ष्यों के आधार पर यह सामने आया कि जगत राम ने महेश कुमार और मनोरमा देवी की मदद से चिट्टे की खेप की खरीद की थी। इसके बाद पुलिस टीम ने 16 जून को करसोग के सनारली क्षेत्र में दबिश देकर जगत राम को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
“Jeet Samachar Daily Hindi Newspaper Ludhiana – RNI PUNHIN/2013/60106. Read today’s e-paper online at zeetsamachar.com”
