MT सेटेबेलो हमले में मारे गए दो भारतीय नाविकों के शव भारत भेजे गए
Views: 4
इंटरनेशनल डेस्क: जीत समाचार
ओमान के तट के पास हुए MT Settebello जहाज हमले में जान गंवाने वाले दो भारतीय नाविकों के पार्थिव शरीर स्वदेश भेज दिए गए हैं। ओमान स्थित भारतीय दूतावास ने बुधवार को इसकी पुष्टि की और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
दूतावास ने बताया कि आदित्य शर्मा और शिवानंद चौरसिया के पार्थिव शरीर भारत भेज दिए गए हैं। दोनों की मौत MT Settebello पर हुए हमले में हुई थी। वहीं जहाज पर सवार 21 भारतीय चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया है और वे भारत लौट रहे हैं।
भारत के राजदूत प्रशांत पिसे ने स्वदेश रवाना होने से पहले चालक दल के सदस्यों से मुलाकात की और कठिन परिस्थितियों में उनके साहस और धैर्य की प्रशंसा की।
जानकारी के अनुसार, MT Settebello पर हमला ओमान के सोहार तट से करीब 30 समुद्री मील दूर हुआ था। जहाज पर कुल 24 भारतीय नागरिक सवार थे। घटना के बाद ओमान के समुद्री सुरक्षा केंद्र को सूचना दी गई, जिसके बाद खोज और बचाव अभियान चलाया गया। इस अभियान में 21 लोगों को बचा लिया गया, जबकि तीन नाविकों की मौत हो गई।
घटना के बाद भारत सरकार ने अमेरिका के समक्ष कड़ा राजनयिक विरोध दर्ज कराया। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो से बातचीत कर भारतीय नागरिकों की मौत पर गंभीर चिंता जताई। वहीं विदेश मंत्रालय ने भारत में अमेरिकी दूतावास के वरिष्ठ अधिकारी को तलब कर अपना विरोध दर्ज कराया।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि नागरिक जहाजों पर घातक सैन्य कार्रवाई स्वीकार्य नहीं है। इससे अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार की सुरक्षा, स्थिरता और कानून आधारित व्यवस्था को नुकसान पहुंचता है।
वहीं अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि जहाज कथित तौर पर अमेरिकी निर्देशों का पालन नहीं कर रहा था और उस पर ईरानी तेल ले जाने का आरोप था। अमेरिकी पक्ष के अनुसार, चालक दल को कई बार चेतावनी दी गई थी, लेकिन निर्देशों का पालन नहीं होने पर कार्रवाई की गई।
