मिशन क्लीन पंजाब’: सीनियर डिप्टी मेयर और कमिश्नर ने पुराने शहर में किया पैदल दौरा

दुर्गा माता मंदिर से चौड़ा बाजार तक निरीक्षण, तालाब बाजार नाले की सफाई के भी दिए निर्देश

लुधियाना, 19 जून | विक्की कुमार

‘मिशन क्लीन पंजाब’ के तहत शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सीनियर डिप्टी मेयर राकेश पाराशर और नगर निगम कमिश्नर ओजस्वी अलंकार शुक्रवार को खुद मैदान में उतरे। दोनों अधिकारियों ने दुर्गा माता मंदिर के पास और पुराने शहर के कई इलाकों में पैदल दौरा कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और स्थानीय निवासियों से सीधा फीडबैक लिया।

कहां-कहां हुआ निरीक्षण

जगराओं पुल, रेलवे स्टेशन रोड, चौड़ा बाजार, नगर निगम जोन-ए दफ्तर के पास का इलाका, गुड़ मंडी और तालाब बाजार सहित पुराने शहर के कई हिस्सों का निरीक्षण किया गया।

मौजूद रहे अधिकारी

इस दौरान संयुक्त कमिश्नर अमनप्रीत सिंह, सहायक कमिश्नर गुरपाल सिंह, कार्यकारी इंजीनियर रमन कौशल, सीएसआई रवि शर्मा समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

क्या बोले अधिकारी

नगर निगम कमिश्नर ओजस्वी अलंकार ने कहा कि शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए प्रशासन के साथ-साथ जनता का सहयोग भी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि निवासियों से मिले सुझावों और शिकायतों के आधार पर सफाई व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।

सीनियर डिप्टी मेयर राकेश पाराशर ने तालाब बाजार नाले का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि बुढ्ढे दरिया से गाद निकालने के साथ-साथ अंदरूनी नालों की सफाई भी समय से पूरी की जाए ताकि बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या न हो।

उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस की अगुवाई में ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के तहत लगातार गंभीर और नियमित कदम उठाए जा रहे हैं।

जनता की प्रतिक्रिया

स्थानीय निवासियों ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों को खुद फील्ड में आकर समस्याएं सुनते और समाधान की दिशा में कदम उठाते देखना सकारात्मक पहल है। साथ ही लोगों से अपील की गई कि वे खुले में कूड़ा न फेंकें और सफाई व्यवस्था में सहयोग करें।

दैनिक विज्ञापन
दैनिक विज्ञापन

You may have missed