नशा मुक्त अभियान में योगदान दें सभी विभाग : गंधर्वा राठौड़
Views: 2
नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को भी नशे के खिलाफ किया जाएगा जागरूक, दिव्यांगों के लिए विशेष प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश
हमीरपुर, 19 जून | दिनेश कुमार शर्मा
उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने शुक्रवार को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की विभिन्न योजनाओं, अभियानों और अधिनियमों से संबंधित छह अलग-अलग जिला स्तरीय समितियों की बैठकों की अध्यक्षता की। बैठकों में नशा मुक्त भारत अभियान 2.0, दिव्यांग कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण और सफाई कर्मचारियों के पुनर्वास जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
नशा मुक्त भारत अभियान 2.0 की समीक्षा
उपायुक्त ने कहा कि 17 से 26 जून तक सभी विभाग जागरूकता गतिविधियां आयोजित करें और उनकी रिपोर्ट जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय को भेजें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भी दो महीने तक नशे के खिलाफ विशेष अभियान चला रही है। इस अभियान को जन आंदोलन बनाने के लिए पुलिस, शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायतीराज, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग सहित सभी विभागों की भूमिका अहम रहेगी।
उन्होंने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिक्षण संस्थान में नशे के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। साथ ही नवनिर्वाचित ग्राम पंचायतों की पहली बैठक और प्रशिक्षण कार्यक्रमों में नशे के मुद्दे को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाएगा।
दिव्यांगों के लिए विशेष सुविधाओं पर जोर
राष्ट्रीय न्यास अधिनियम 1999 के तहत गठित स्थानीय समिति की बैठक में उपायुक्त ने बताया कि मानसिक विकलांगता, ऑटिज्म, सेरेब्रल पाल्सी और बहु-विकलांगता से ग्रस्त 18 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के लिए कानूनी संरक्षक नियुक्त करना आवश्यक है। जिले में अब तक 211 दिव्यांगजनों के अभिभावकों को कानूनी अभिभावक प्रमाण पत्र जारी किए जा चुके हैं।
जिला दिव्यांगता समिति की बैठक में उपायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी सरकारी भवनों, अस्पतालों, सार्वजनिक स्थलों, परिवहन सेवाओं और कार्यालयों में दिव्यांगों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं।
अत्याचार निवारण मामलों की समीक्षा
अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज मामलों की समीक्षा में बताया गया कि इस वित्त वर्ष में अब तक एक नई एफआईआर दर्ज हुई है। 7 पुराने मामलों की जांच जारी है, जबकि 27 मामले अदालतों में लंबित हैं। उपायुक्त ने पुलिस और अभियोजन विभाग को इन मामलों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा पर जोर
हाथ से मैला उठाने वाले सफाई कर्मचारियों के पुनर्वास अधिनियम-2013 के तहत आयोजित बैठक में उपायुक्त ने कहा कि सभी सफाई कर्मचारियों को सुरक्षा किट और आवश्यक उपकरण उपलब्ध करवाए जाएं तथा उनके स्वास्थ्य की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए।
बैठक में जिला कल्याण अधिकारी चमन लाल शर्मा ने विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर एसपी बलवीर सिंह, जिला न्यायवादी संदीप अग्निहोत्री, नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त राम प्रसाद और अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।
