मानसून से पहले एक्शन में कमिश्नर: बूढ़ा दरिया की सफाई और रिटेनिंग वॉल का काम तेज
Views: 137
ओजस्वी अलंकार ने किया दौरा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

लुधियाना, 20 जून:विक्की कुमार
मानसून सीजन को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में नगर निगम कमिश्नर ओजस्वी अलंकार शनिवार को खुद फील्ड में उतरे और O&M सेल के अधिकारियों के साथ बूढ़ा दरिया व आसपास के इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डी-सिल्टिंग, रिटेनिंग वॉल और अन्य जरूरी प्रोजेक्ट्स की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने बूढ़ा दरिया से गाद निकालने के काम को मौके पर जाकर देखा और अधिकारियों को इसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही दरिया किनारे बन रही रिटेनिंग वॉल और पुलों के निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई। उन्होंने ठेकेदारों को साफ कहा कि मानसून शुरू होने से पहले यह काम हर हाल में पूरा होना चाहिए।
इसके बाद कमिश्नर ने हैबोवाल डेयरी कॉम्प्लेक्स का दौरा कर वहां डेयरी से निकलने वाले गोबर और कचरे के निस्तारण की व्यवस्था देखी। साथ ही एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ETP) की कार्यप्रणाली का भी निरीक्षण किया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि गंदा पानी बूढ़ा दरिया में न जाए।
इस मौके पर एसई एकजोत सिंह, नोडल ऑफिसर रणदीप संदिला, एसडीओ अर्जुन सिक्का समेत O&M सेल के कई अधिकारी मौजूद रहे।
कमिश्नर ओजस्वी अलंकार ने कहा कि बूढ़ा दरिया की डी-सिल्टिंग इस समय सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि रिटेनिंग वॉल का काम बारिश से पहले पूरा होना जरूरी है, ताकि आसपास की कॉलोनियों में जलभराव की स्थिति न बने। साथ ही उन्होंने हैबोवाल डेयरी और ETP से निकलने वाले अपशिष्ट के उचित प्रबंधन के निर्देश भी दिए।
गौरतलब है कि पिछले साल बूढ़ा दरिया के ओवरफ्लो होने से शिवपुरी, हैबोवाल और ताजपुर रोड क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बन गए थे। इस बार संभावित प्री-मानसून बारिश को देखते हुए नगर निगम किसी तरह की ढिलाई नहीं बरतना चाहता।
Jeet Samachar Daily Hindi Newspaper Ludhiana – RNI PUNHIN/2013/60106. Read today’s e-paper online at zeetsamachar.com”
