मिशन क्लीन पंजाब’ पर सवाल: नगर निगम की गाड़ियां ही फैला रहीं गंदगी, कमिश्नर ने लिया सख्त संज्ञान
Views: 261
ओवरलोड कूड़ा गाड़ियों से सड़कों पर गिर रहा कचरा, कार्रवाई की चेतावनी

लुधियाना, 20 जून (विक्की कुमार)
शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए चलाए जा रहे ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के बीच नगर निगम की कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां ही सड़कों पर गंदगी फैलाती नजर आ रही हैं। ओवरलोड और बिना ढके कूड़ा ले जाने के कारण काला कीचड़ और गीला कचरा रास्तों में गिर रहा है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस मुद्दे को सामने आने के बाद नगर निगम कमिश्नर ओजस्वी अलंकार ने सख्त रुख अपनाया
उन्होंने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही कूड़ा गाड़ियों के ड्राइवरों व ठेकेदारों की बैठक बुलाकर सख्त हिदायतें दी जाएंगी।कमिश्नर ने स्पष्ट कहा कि अब किसी भी गाड़ी को खुला या गिरता हुआ कूड़ा लेकर जाने की अनुमति नहीं होगी। सभी गाड़ियों में कूड़े को तिरपाल से ढकना अनिवार्य किया जाएगा। अगर आगे भी लापरवाही सामने आई तो संबंधित कर्मचारियों और ठेकेदारों के खिलाफ FIR के साथ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़कों पर गिरता कचरा और गंदा पानी न केवल बदबू और बीमारियों का कारण बन रहा है, बल्कि फिसलन के चलते हादसों का खतरा भी बढ़ा रहा है। ऐसे में लोगों ने नगर निगम से सख्त निगरानी और नियमित जांच की मांग की है।
अब देखना यह होगा कि ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के तहत सफाई अभियान को सफल बनाने के लिए निगम प्रशासन इस लापरवाही पर कितनी सख्ती से अंकुश लगा पाता है।
“Jeet Samachar Daily Hindi Newspaper Ludhiana – RNI PUNHIN/2013/60106. Read today’s e-paper online at zeetsamachar.com”
