अनिरुद्ध सिंह ने भलावग में आयोजित सिद्ध बाबा मेले में मुख्यातिथि के रूप में की शिरकत कहा— पारंपरिक मेले सामाजिक मेल-मिलाप और संस्कृति को संजोने में निभाते हैं अहम भूमिका

0

Views: 4

शिमला, 21 जून 2026:दिनेश कुमार शर्मा

ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने आज कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र की जनेड़घाट पंचायत के भलावग में आयोजित एक दिवसीय प्राचीन एवं ऐतिहासिक सिद्ध बाबा मेले में मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने सिद्ध बाबा मंदिर और तारा माता मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।

इस अवसर पर अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि पारंपरिक मेले हमारे जीवन में सामाजिक मेल-मिलाप के साथ-साथ समृद्ध संस्कृति को संजोए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मेले स्थानीय लोगों के आपसी संबंध मजबूत करने के साथ सामुदायिक और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देते हैं।

उन्होंने आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि इस क्षेत्र के धार्मिक और सामाजिक मेले यहां के लोगों की आस्था और परंपरा के प्रतीक हैं, जिन्हें पूरे उत्साह और धूमधाम से मनाया जाना चाहिए।

कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र की कच्ची सड़कों को पक्का करने, सभी गांवों को सड़क और पेयजल सुविधा उपलब्ध करवाने, कम वोल्टेज की समस्या को दूर करने और पंचायत क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने का कार्य निरंतर जारी है।

स्थानीय नव-निर्वाचित पंचायत प्रधान और उपप्रधान को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि जनेड़घाट पंचायत क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने जनेड़घाट से भलावग सड़क को चौड़ा और पक्का करने तथा भलावग में 63 केवी ट्रांसफार्मर को अपग्रेड करने का आश्वासन दिया। साथ ही बताया कि कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र में अब तक 120 सड़कों के एफआरए पूरे किए जा चुके हैं।

उन्होंने पंचायत प्रधान से क्षेत्र की संभावित सड़कों की सूची भेजने को कहा, ताकि सभी औपचारिकताएं पूरी कर विकास कार्यों को अमलीजामा पहनाया जा सके। ग्रामीणों से भी उन्होंने सड़क निर्माण के लिए जमीन की गिफ्ट डीड जल्द उपलब्ध करवाने की अपील की।

इस दौरान मंत्री ने ओगली सड़क के लिए 1 लाख रुपये, जनेड़घाट सराय भवन के अतिरिक्त निर्माण कार्य के लिए 2 लाख रुपये और स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए 25 हजार रुपये देने की घोषणा की।

मेला समिति के अध्यक्ष भीम सिंह चौहान और पंचायत प्रधान सुचिता आनंद ने कैबिनेट मंत्री का स्वागत किया और पंचायत क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न मांगें उनके समक्ष रखीं, जिन्हें मंत्री ने चरणबद्ध तरीके से पूरा करने का आश्वासन दिया।

खुश विक्रम सिंह ने भी मेले में दर्ज कराई उपस्थिति

कैबिनेट मंत्री के मेले में पहुंचने के कुछ समय बाद नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य खुश विक्रम सिंह भी सिद्ध बाबा मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना कर मेले में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने जिला परिषद चुनाव में समर्थन के लिए लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता रहेगा।

मेले में कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन

मेले के दौरान कबड्डी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें 8 टीमों ने भाग लिया। मशोबरा की टीम विजेता रही, जबकि जनेड़घाट की टीम उपविजेता रही। विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा स्कूली बच्चों और स्थानीय महिला-पुरुष कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर लोगों का मनोरंजन किया।

इस अवसर पर तहसीलदार कार्तिकेय शर्मा, बीडीओ मशोबरा अंकित कोटिया, बीडीसी सदस्य वीना कश्यप, पंचायत प्रधान सुचिता आनंद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed