मानसून की तैयारियों पर एमसी कमिश्नर ओजस्वी अलंकार सख्त, अफसरों की जवाबदेही तय

0

Views: 180

लापरवाही पर होगी कार्रवाई, जल्द बनेगा मानसून वॉर रूम’ और जारी होगा हेल्पलाइन नंबर

लुधियाना | 23 जून | अरुण कुमार

मानसून सीजन को देखते हुए नगर निगम कमिश्नर ओजस्वी अलंकार ने मंगलवार को जोन-डी कार्यालय में समीक्षा बैठक कर अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय कीं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मानसून तैयारियों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कोताही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में बुद्धा दरिया की सफाई और डी-सिल्टिंग, अंदरूनी नालों व सीवर लाइनों की सफाई, दरिया के किनारों को मजबूत करने, फॉगिंग, मैनहोल कवर की जांच और रोड-गलियों की सफाई को प्राथमिकता में रखा गया। कमिश्नर ने कहा कि हर शाखा को उनके कार्यों की स्पष्ट जिम्मेदारी सौंप दी गई है और वरिष्ठ अधिकारियों को जमीनी स्तर पर किए गए कामों के प्रमाण पत्र जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

नगर निगम कमिश्नर ओजस्वी अलंकार ने बताया

कि नगर निगम जल्द ही ‘मानसून वॉर रूम’ स्थापित करेगा और शहरवासियों की सुविधा के लिए एक विशेष हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया जाएगा। मानसून के दौरान शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए सीवरमैन और अन्य कर्मचारियों की रैपिड एक्शन टीमें भी तैनात की जाएंगी।

जलजनित और मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के लिए अधिकारियों को क्लोरीनेशन और फॉगिंग अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में जॉइंट कमिश्नर विनीत कुमार, अमनप्रीत सिंह, जोनल कमिश्नर नीरज जैन, गुरपाल सिंह, जसदेव सेखों सहित विभिन्न शाखाओं के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

कमिश्नर ने दोहराया कि जॉइंट और जोनल कमिश्नरों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं और वह स्वयं भी जमीनी स्तर पर हालात का जायजा लेने के लिए निरीक्षण करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *