जोन-ए बिल्डिंग ब्रांच पर सवाल! सराफा बाजार में बाहर कुछ और, अंदर धड़ल्ले से बन रही मार्केट?
Views: 64
नगर निगम जोन-ए दफ्तर से कुछ कदम दूर निर्माण पर उठे सवाल | एटीपी ने नहीं उठाया फोन—नक्शा पास है या नहीं, फीस जमा हुई या नहीं ?
लुधियाना, 24 अगस्त ( विक्की/विक्रम सैनी)
नगर निगम लुधियाना की जोन-ए बिल्डिंग ब्रांच की कार्यप्रणाली को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। जीत समाचार को सराफा बाजार में एक ऐसे निर्माण की जानकारी मिली है, जहां बाहर की स्थिति कुछ और नजर आती है, जबकि अंदर कथित तौर पर मार्केट तैयार करने का काम तेजी से चल रहा है।
सराफा बाजार में क्या चल रहा है?
सूत्रों के अनुसार, संबंधित इमारत के अंदर कई दुकानें तैयार करने का काम चल रहा है। सवाल यह है कि क्या इसके लिए नगर निगम से स्वीकृत नक्शा और आवश्यक अनुमति ली गई है? यदि निर्माण स्वीकृत नक्शे के अनुसार नहीं है, तो फिर इतनी बड़ी मार्केट का निर्माण कैसे जारी है?
नगर निगम जोन-ए दफ्तर से कुछ कदम दूर, फिर भी निगरानी पर सवाल
सबसे अहम बात यह है कि संबंधित निर्माण जोन-ए नगर निगम कार्यालय से ज्यादा दूर नहीं बताया जा रहा है। इसके बावजूद निर्माण को लेकर सवाल उठ रहे हैं। मामले की जानकारी लेने के लिए जब जोन-ए के एटीपी और एमटीपी से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो फोन पर संपर्क नहीं हो सका।
जीत समाचार के सीधे सवाल
1 क्या इस इमारत का नक्शा स्वीकृत है?
2 क्या निर्माण के लिए सभी आवश्यक अनुमति ली गई है?
3 क्या कंपाउंडिंग फीस या अन्य सरकारी शुल्क जमा हुआ है?
4 क्या मौके का निरीक्षण बिल्डिंग ब्रांच के अधिकारियों ने किया?
5 यदि निर्माण नियमों के विपरीत है, तो अब तक क्या कार्रवाई हुई?
6 सरकार के राजस्व का नुकसान तो नहीं हो रहा?
पार्ट-दो में सामने आएंगे और सवाल
जीत समाचार इस मामले की अगली कड़ी में उपलब्ध दस्तावेजों और मौके की स्थिति के आधार पर यह जानने का प्रयास करेगा कि संबंधित निर्माण को लेकर नगर निगम के रिकॉर्ड में क्या स्थिति है। साथ ही बिल्डिंग ब्रांच के संबंधित अधिकारी तपन जी से भी उनका पक्ष जानने का प्रयास किया जाएगा। अधिकारियों का पक्ष सामने आने के बाद उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
बड़ा सवाल यही है—अगर निर्माण पूरी तरह नियमों के मुताबिक है तो नगर निगम अधिकारियों को इसकी स्थिति बताने में क्या परेशानी है? और अगर नियमों का उल्लंघन है, तो कार्रवाई कब होगी?
