बिजली बिलों पर बड़ी राहत! 63,702 उपभोक्ताओं को मिलेगा फ्री बिजली सब्सिडी का लाभ

0

Views: 11

औसत बिलिंग के कारण मई-जून में छूट से रह गए थे उपभोक्ता | 3 कार्यदिवस में जारी होंगे संशोधित बिल, अतिरिक्त भुगतान अगले बिल में होगा एडजस्ट

चंडीगढ़ 25 अगस्त (ब्यूरो)

पंजाब में बिजली सब्सिडी का लाभ नहीं मिलने से परेशान हजारों उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। राज्य सरकार ने 63,702 प्रभावित उपभोक्ताओं की पहचान की है, जिन्हें अब 300 यूनिट मुफ्त बिजली योजना का लाभ दिया जाएगा।बिजली मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंध ने चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि मई, जून और जुलाई में मीटर रीडर्स की हड़ताल के कारण कई उपभोक्ताओं को पिछले वर्ष की खपत के आधार पर औसत बिल जारी किए गए थे। इसी वजह से मई और जून के बिलों में मुफ्त बिजली की सब्सिडी का लाभ नहीं जुड़ पाया।

78 लाख कनेक्शनों की जांच के बाद सामने आया मामला

मंत्री के अनुसार राज्य के करीब 78 लाख बिजली उपभोक्ताओं के रिकॉर्ड की जांच की गई। इसमें करीब 63 हजार उपभोक्ता इस समस्या से प्रभावित पाए गए, जो कुल उपभोक्ताओं का एक प्रतिशत से भी कम हैं।सरकार के मुताबिक अब इन उपभोक्ताओं के बिल दोबारा तैयार किए जाएंगे और अगले तीन कार्यदिवस में संशोधित बिल जारी कर दिए जाएंगे।

पहले बिल भर चुके लोगों को भी राहत

जिन उपभोक्ताओं ने बिना सब्सिडी के अपना बिल पहले ही जमा कर दिया है, उनके अतिरिक्त भुगतान की राशि अगले बिजली बिल में एडजस्ट की जाएगी।

शिकायतों के लिए शुरू होगी विशेष हेल्पलाइन

बिजली बिलों से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए सरकार जल्द ही विशेष हेल्पलाइन शुरू करने की तैयारी में है। इसके लिए करीब 20 कर्मचारियों की टीम तैनात की जाएगी।सरकार का दावा है कि हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज होने के बाद संबंधित बिल को 15 दिनों के भीतर ठीक करने का प्रयास किया जाएगा।

अब उपभोक्ताओं की नजर संशोधित बिलों पर

औसत बिलिंग के कारण मुफ्त बिजली योजना का लाभ नहीं मिल पाने वाले हजारों उपभोक्ताओं को अब संशोधित बिलों का इंतजार है। सरकार के इस फैसले के बाद प्रभावित उपभोक्ताओं को उम्मीद है कि उन्हें मई-जून की पात्र सब्सिडी का लाभ जल्द मिल जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed