बड़सर में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें पार्टी को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं ने चर्चा की।
कांग्रेस नेता सुभाष ढटवालिया ने कहा कि कुछ नेता शिमला जाकर मुख्यमंत्री के पास उनकी शिकायतें करते हैं और टिकट बदलने की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की राजनीति से पार्टी मजबूत नहीं होगी।
ढटवालिया ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और पार्टी हाईकमान ने उन पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि हार-जीत चुनाव का हिस्सा है और अब उनका ध्यान बड़सर में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने पर है।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजय शर्मा ने कहा कि अगले 9 महीने संगठन को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि 2027 में कांग्रेस जिसे भी टिकट देगी, पूरा संगठन उसके साथ मिलकर चुनाव लड़ेगा। उनका लक्ष्य बड़सर में कांग्रेस को मजबूत कर मिशन रिपीट करना है।
वहीं, शहरी कांग्रेस अध्यक्ष एवं नगर पंचायत बड़सर प्रभारी विशाल राणा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर हर वार्ड में पार्टी को मजबूत करना होगा। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत बड़सर के 9 वार्डों में कांग्रेस की जीत के लिए अभियान शुरू किया जा रहा है।
कार्यकर्ता सम्मेलन में कई कार्यकर्ताओं ने संगठन और क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार भी रखे।