लुधियाना की टूल फैक्टरी में जहरीली गैस का रिसाव: पिता-पुत्र समेत 3 की मौत, कई बेहोश, मची भगदड़
Views: 34
लुधियाना. 01 जून 2026 कमल पवार
लुधियाना। थाना मोती नगर इलाके में स्थित एक टूल फैक्टरी में सोमवार को जहरीली गैस का रिसाव होने से पिता-पुत्र समेत तीन कर्मचारियों की मौत हो गई। हादसे में कई अन्य मजदूर बेहोश हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। गैस रिसाव के बाद फैक्टरी परिसर में भगदड़ मच गई।
संभलने का मौका तक नहीं मिला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फैक्टरी में रोजाना की तरह उत्पादन का काम चल रहा था। इसी बीच अचानक गैस पाइपलाइन या सिलिंडर से रिसाव शुरू हो गया। देखते ही देखते जहरीली गैस पूरे परिसर में फैल गई। गैस का असर इतना तीखा था कि काम कर रहे मजदूरों को संभलने या बाहर भागने का मौका तक नहीं मिला। आंखों में असहनीय जलन और सांस लेने में तकलीफ के कारण कई कर्मचारी मौके पर ही निढाल होकर गिर पड़े
पिता-पुत्र की मौत, 1 साल की बेटी हुई अनाथ
इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों की शिनाख्त माना और उनके बेटे अमित के रूप में हुई है। तीसरे मृतक की पहचान करने में पुलिस जुटी है। घटना के वक्त पिता-पुत्र मशीन के निचले हिस्से से निकलने वाली मिट्टी को ट्रॉली में लोड कर रहे थे, तभी वे गैस के सीधे संपर्क में आ गए।
अमित अपने पीछे एक साल की मासूम बेटी, पत्नी, दो बहनें और एक छोटा भाई रोता-बिलखता छोड़ गया है। घर के दो मुख्य कमाने वाले सदस्यों की मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
प्रशासन जांच में जुटा, सुरक्षा मानकों पर सवाल
हादसे की खबर मिलते ही थाना मोती नगर पुलिस, प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती तफ्तीश में हादसे की वजह गैस लीकेज मानी जा रही है, हालांकि फैक्टरी में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई थी या नहीं, इसकी गहन जांच की जा रही है।थाना मोती नगर के SHO इंस्पेक्टर भूपिंदर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही पूरी जानकारी दी जाएगी।
