मंत्री के दौरे के बीच निगम जोन-ए की बदहाल सफाई व्यवस्था उजागर, कार्यालय परिसर में लगे कूड़े के ढेर

0

Views: 46

स्वच्छता अभियान के दावों की खुली पोल, निगम जोन-ए की पार्किंग में पसरी गंदगी

लुधियाना, 13 जून ( शर्मा)

पंजाब सरकार द्वारा शहरों को स्वच्छ बनाने के लिए विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है और अधिकारियों को स्वयं मैदान में उतरकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद नगर निगम जोन-ए कार्यालय की स्थिति इन दावों पर सवाल खड़े करती नजर आ रही है। कार्यालय परिसर और पार्किंग क्षेत्र में फैली गंदगी तथा कूड़े के ढेर सफाई व्यवस्था की वास्तविक तस्वीर बयां कर रहे हैं।

गुरुवार को पंजाब सरकार के मंत्री मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने नगर निगम जोन-ए कार्यालय का दौरा कर सफाई व्यवस्था को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा की। हालांकि कार्यालय परिसर में मौजूद गंदगी और कूड़े के ढेर लोगों के बीच चर्चा का विषय बने रहे।

स्थानीय स्तर पर की गई पड़ताल में सामने आया कि नगर निगम की पार्किंग में कई स्थानों पर कूड़ा जमा है और सफाई व्यवस्था संतोषजनक दिखाई नहीं देती। यह स्थिति उस स्थान की है जहां प्रतिदिन निगम के अधिकारी, कर्मचारी और सफाई कर्मी आते-जाते हैं।

गौरतलब है कि इसी कार्यालय में शहर के मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर, डिप्टी मेयर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी बैठते हैं। इसके बावजूद कार्यालय परिसर और पार्किंग क्षेत्र में फैली गंदगी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब निगम अपने कार्यालय परिसर को ही स्वच्छ नहीं रख पा रहा, तो पूरे शहर में बेहतर सफाई व्यवस्था के दावे कैसे पूरे किए जा सकते हैं।

नगर निगम कमिश्नर द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण किए जाते हैं, लेकिन निगम कार्यालय के आसपास की स्थिति को देखकर यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या सफाई व्यवस्था की निगरानी हर स्तर पर प्रभावी ढंग से हो रही है। मौके पर मौजूद हालात से प्रतीत होता है कि लंबे समय से यहां समुचित सफाई नहीं की गई।

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि सबसे पहले निगम कार्यालय और उसके आसपास के क्षेत्र को साफ-सुथरा बनाया जाए, ताकि शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति सकारात्मक संदेश मिल सके।

अब देखना यह होगा कि नगर निगम प्रशासन इस ओर कब ध्यान देता है और परिसर में फैली गंदगी को दूर करने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।

“Jeet Samachar Daily Hindi Newspaper Ludhiana – RNI PUNHIN/2013/60106. Read today’s e-paper online at zeetsamachar.com”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *