फोकल प्वाइंट इलाकों की समस्याओं के समाधान के लिए नगर निगम कमिश्नर अलंकार पहुंचे ग्राउंड जीरो
Views: 36
खुले में कूड़ा फेंकने वालों पर कार्रवाई के निर्देश, मौके पर एक व्यक्ति पकड़ा गया
लुधियाना, 18 जून: कमल पवार
शहर में मानसून की तैयारियों और ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के तहत सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम ने अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में नगर निगम कमिश्नर ओजस्वी अलंकार गुरुवार को फोकल प्वाइंट इलाकों में उद्योगपतियों की समस्याओं का जायजा लेने के लिए ग्राउंड जीरो पर पहुंचे।
नगर निगम कमिश्नर ने करीब तीन घंटे तक फील्ड में रहकर फेज-4, फेज-4ए, फेज-5 और फेज-6 सहित विभिन्न फोकल प्वाइंट क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उद्योगपतियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तुरंत समाधान के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे, जिनमें सीआईआई के रजनीश आहूजा, राहुल आहूजा और गौतम ढल्ल सहित सीआईसीयू के उपकार सिंह आहूजा, ऋषि गुप्ता, अंबरीश जैन, अशप्रीत साहनी, गुनजीत गंभीर, नरेश, राजीव जैन, अमन बस्सी और अनिल बेदी शामिल थे।
कमिश्नर ने नगर निगम अधिकारियों को खुले में कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, अवैध कब्जे हटाने, पार्कों के रखरखाव और सीवरेज लाइनों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने खुद कई स्थानों की तस्वीरें लेकर संबंधित स्टाफ को आवश्यक कार्रवाई के आदेश दिए।
निरीक्षण के दौरान एक निजी वाहन चालक को खुले स्थान पर कूड़ा फेंकते हुए पकड़ा गया। कमिश्नर ने अधिकारियों को उसका चालान करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
नगर निगम कमिश्नर ओजस्वी अलंकार ने कहा कि मानसून को देखते हुए शहर की मुख्य सीवरेज लाइनों की सफाई का काम पहले ही शुरू कर दिया गया है, जिसे 30 जून तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि शहर में सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने और मानसून से निपटने के लिए कई अन्य कदम भी उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उद्योगपतियों की ओर से उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समाधान के लिए निर्देश जारी किए गए हैं।
फोकल प्वाइंट में ईस्टमैन इंडस्ट्रीज और अन्य उद्योगों की ओर से संभाले जा रहे पार्कों और ग्रीन बेल्ट का दौरा करते हुए कमिश्नर ने उद्योगपतियों से अपील की कि वे आगे आकर अपने आसपास के क्षेत्रों में ग्रीन बेल्ट और पार्कों को अपनाएं और उनके रखरखाव में सहयोग करें।
