ओहे’ शब्द पर निगम सदन में बवाल! आप विधायक और भाजपा पार्षद आमने-सामने, पुलिस ने संभाला मोर्चा
Views: 87
F&CC चुनाव को लेकर बुलाई बैठक हंगामे में बदली | तीखी बहस के बाद धक्का-मुक्की की नौबत, सदन 15 मिनट के लिए स्थगित
लुधियाना, 25 अगस्त (विक्की/विक्रम सैनी)
नगर निगम लुधियाना में फाइनेंस एंड कॉन्ट्रैक्ट कमेटी (F&CC) के सदस्यों के चुनाव को लेकर मंगलवार को बुलाई गई निगम सदन की बैठक शुरू होते ही हंगामे में बदल गई। आम आदमी पार्टी के विधायक दलजीत सिंह भोला ग्रेवाल और भाजपा पार्षद मुकेश खत्री के बीच कथित तौर पर ‘ओहे’ शब्द को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के पार्षद आमने-सामने आ गए और पुलिस को बीच-बचाव करना पड़ा।
‘ओहे’ शब्द पर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक विधायक दलजीत सिंह भोला ग्रेवाल सदन में अपनी बात रख रहे थे। इसी दौरान भाजपा पार्षद मुकेश खत्री की ओर से अपना पक्ष रखने पर विधायक द्वारा कथित तौर पर ‘ओहे’ शब्द का इस्तेमाल किए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया।मुकेश खत्री के आगे बढ़ने के बाद आम आदमी पार्टी के पार्षद अश्विनी शर्मा गोभी भी बीच में आ गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
पुलिस को करना पड़ा हस्तक्षेप
विवाद बढ़ने पर निगम परिसर में मौजूद डीएसपी और पुलिस कर्मचारियों ने तत्काल हस्तक्षेप किया। भाजपा पार्षद गौरवजीत सिंह गौर समेत अन्य लोगों ने भी दोनों पक्षों को अलग कर मामला शांत करवाने का प्रयास किया।
कुछ देर के लिए सदन का माहौल पूरी तरह गरमा गया और पार्षदों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बनती नजर आई।
हाईकोर्ट के आदेशों के तहत होना है F&CC चुनाव
F&CC सदस्यों के चुनाव को लेकर यह बैठक पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेशों के तहत बुलाई गई है। बैठक की अध्यक्षता मेयर इंद्रजीत कौर और नगर निगम कमिश्नर ओजस्वी अलंकार कर रही हैं।चुनाव प्रक्रिया को लेकर सदन में पहले से ही राजनीतिक सरगर्मी तेज थी। ऐसे में बैठक शुरू होते ही हुए हंगामे ने माहौल और गरमा दिया।
15 मिनट के लिए सदन स्थगित
हंगामे के बाद निगम सदन की बैठक को 15 मिनट के लिए स्थगित कर दिया गया। इस दौरान पार्षदों के बीच विचार-विमर्श किया जाना है कि F&CC सदस्यों का चुनाव मंगलवार को ही कराया जाए या तीन दिन बाद।अगर चुनाव तीन दिन बाद कराने का फैसला होता है तो इच्छुक पार्षदों से नामांकन लिए जाएंगे। इसके बाद चुनाव बैलेट पेपर से होगा या सदन में हाथ खड़े करवाकर बहुमत के आधार पर फैसला लिया जाएगा, इस पर भी निर्णय होना है।
अब नजर चुनाव प्रक्रिया पर
फिलहाल निगम परिसर में पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है। हंगामे के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या राजनीतिक तनातनी के बीच F&CC चुनाव की प्रक्रिया तय समय पर आगे बढ़ पाएगी या फिर इसे आगे टालना पड़ेगा।
निगम सदन में ‘ओहे’ शब्द से शुरू हुआ विवाद अब F&CC चुनाव की पूरी प्रक्रिया पर भारी पड़ता दिखाई दे रहा है।
