सरकार आपकी, काम कांग्रेस का? पानी में खड़े होकर Ex-MLA संजय तलवार ने खोली नगर निगम की पोल!

0

Views: 75

वार्ड 2 और 6-7 में घुटनों तक सीवरेज का पानी | कमिश्नर ने वीडियो कॉल पर लिया संज्ञान, अब सवाल—सत्ता किसकी और जवाबदेही किसकी?

लुधियाना, 27 अगस्त (अरुण कुमार)

सरकार आपकी, लेकिन जनता के काम के लिए कांग्रेस के पूर्व विधायक को पानी में उतरना पड़ रहा है! लुधियाना के वार्ड नंबर 2 और 6-7 में सीवरेज जाम और जलभराव की तस्वीरों ने नगर निगम की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।कांग्रेस के पूर्व विधायक संजय तलवार रात के समय खुद मौके पर पहुंचे और घुटनों तक भरे पानी में खड़े होकर मोहल्ले का हाल नगर निगम कमिश्नर को वीडियो कॉल के जरिए दिखाया।

पानी में खड़े Ex-MLA, फोन पर कमिश्नर और कॉन्फ्रेंस में अफसर!

न्यू हरविंदर नगर, सन्यासी नगर, इज्जत नगर और राहो रोड की स्थिति दिखाते हुए संजय तलवार ने कमिश्नर से बातचीत की। वीडियो कॉल के दौरान संबंधित अधिकारियों को भी जोड़ा गया।सूत्रों के मुताबिक, मौके की स्थिति देखकर कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों को समस्या का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।

सवाल—अगर कमिश्नर ने सुन लिया तो नीचे वाले क्यों नहीं सुनते?

यह मामला अब सिर्फ जलभराव का नहीं, बल्कि जवाबदेही का सवाल बन गया है। लोग पूछ रहे हैं—जब नगर निगम में अधिकारी मौजूद हैं, शिकायतों के लिए व्यवस्था है और कमिश्नर खुद मामलों को सुन रहे हैं, तो स्थानीय स्तर पर सीवरेज जाम जैसी समस्या समय रहते क्यों नहीं सुलझी? सरकार आम आदमी की हो सकती है, लेकिन जमीन पर काम के लिए कांग्रेस के पूर्व विधायक को पानी में उतरना पड़े—तो सवाल तो बनता है!

कांग्रेस को मिला राजनीतिक मुद्दा?

संजय तलवार की यह पहल अब राजनीतिक चर्चा का विषय भी बन सकती है। एक तरफ नगर निगम और सरकार विकास तथा सफाई व्यवस्था के दावे कर रही है, दूसरी तरफ कांग्रेस नेता जलभराव वाले इलाकों में खड़े होकर समस्याएं दिखा रहे हैं।अब देखना यह है कि कमिश्नर के निर्देश के बाद पानी निकलता है या फिर मामला एक और वीडियो, एक और शिकायत और एक और इंतजार बनकर रह जाता है।

जीत समाचार का सवाल:

सरकार आपकी, निगम आपका—फिर जनता को अपने काम के लिए सड़क पर उतरने की जरूरत क्यों पड़ रही है?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed