लोहड़ी से 5 महीने पहले ही चाइना डोर का खेल शुरू!

0

Views: 4

410 गट्टुओं का जानलेवा स्टॉक बरामद, सप्लायर गिरफ्तार—अब दुकानदारों पर कब कसेगा शिकंजा?

लुधियाना, 28 अगस्त (विक्रम सैनी)

लोहड़ी के पर्व में अभी करीब पांच महीने बाकी हैं, लेकिन शहर में प्रतिबंधित और जानलेवा चाइना डोर का अवैध कारोबार कथित तौर पर अभी से शुरू हो गया है। पुलिस की सख्ती और लोहड़ी के दौरान होने वाली नाकाबंदी से बचने के लिए सप्लायरों द्वारा पहले ही बड़े पैमाने पर स्टॉक जमा किए जाने का मामला सामने आया है।स्पैशल सैल की पुलिस ने छावनी मोहल्ला निवासी अजय कुमार को गुरु अर्जुन देव नगर की गली नंबर-4 से गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 410 गट्टू प्रतिबंधित चाइना डोर और सप्लाई में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी बरामद की गई है।इतनी बड़ी मात्रा में चाइना डोर बरामद होने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है—आखिर यह 410 गट्टू किसके लिए जमा किए गए थे और इन्हें किन-किन दुकानदारों तक पहुंचाया जाना था?

सिर्फ सप्लायर गिरफ्तार, असली खरीदार और दुकानदार कौन?

पुलिस की कार्रवाई के बाद अब जांच का दायरा केवल गिरफ्तार आरोपी तक सीमित नहीं रहना चाहिए। यदि 410 गट्टू डोर सप्लाई के लिए तैयार थी तो इसके पीछे खरीदारों और संभावित दुकानदारों का नेटवर्क होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।पुलिस को रिमांड के दौरान आरोपी से यह पता लगाना होगा कि इतनी बड़ी खेप उसने कहां से खरीदी, किससे खरीदी और किन-किन दुकानदारों या विक्रेताओं को इसकी सप्लाई की जानी थी।सवाल यह भी है कि क्या शहर में प्रतिबंधित डोर का स्टॉक पहले से दुकानों या गोदामों में जमा किया जा रहा है?

दुकानों पर कार्रवाई कब?

चाइना डोर पर प्रतिबंध के बावजूद यदि इतनी बड़ी खेप शहर में पहुंच गई तो प्रशासन और पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होते हैं।हर साल लोहड़ी और पतंगबाजी के सीजन में चाइना डोर के खिलाफ अभियान तेज किया जाता है। लेकिन इस बार यदि सीजन शुरू होने से महीनों पहले ही 410 गट्टुओं का स्टॉक पकड़ा गया है तो कार्रवाई केवल एक सप्लायर की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहनी चाहिए।

पुलिस को यह भी जांच करनी चाहिए कि प्रतिबंध के बावजूद कहीं कुछ दुकानदार मुनाफे के लालच में जानलेवा डोर का स्टॉक तो नहीं कर रहे।

पुलिस की सूचना पर दबिश, स्कूटी समेत आरोपी दबोचा

ए.डी.सी.पी. रूपिंदर कौर भट्टी और स्पैशल सैल इंचार्ज हरप्रीत सिंह के अनुसार ए.एस.आई. राज कुमार पुलिस पार्टी के साथ इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि एक युवक स्कूटी पर भारी मात्रा में प्रतिबंधित चाइना डोर लेकर सप्लाई की फिराक में खड़ा है।सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गुरु अर्जुन देव नगर की गली नंबर-4 में घेराबंदी कर आरोपी अजय कुमार को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान स्कूटी से 410 गट्टू चाइना डोर बरामद हुई।

अब सप्लाई चेन तोड़ना पुलिस के लिए असली चुनौती

आरोपी के खिलाफ थाना डिवीजन नंबर-7 में सरकारी आदेशों की अवहेलना और आमजन की जान जोखिम में डालने संबंधी धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।अब असली परीक्षा पुलिस की जांच की है। आरोपी से पूछताछ में सामने आने वाले सप्लायर, खरीदार और दुकानदारों तक पुलिस कब पहुंचती है?क्योंकि चाइना डोर का कारोबार केवल एक सप्लायर को पकड़ने से खत्म नहीं होगा। जब तक स्टॉक रखने, सप्लाई करने और बेचने वालों की पूरी कड़ी तक पुलिस नहीं पहुंचती, तब तक जानलेवा डोर के अवैध कारोबार पर पूरी तरह लगाम लगाना मुश्किल रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed