Blog

माछीवाड़ा में लगे दो जागरूकता कैंप, 69 दूध के सैंपल जांचे; 27 में पानी की मात्रा अधिक मिली

जीत समाचार | लुधियाना | 10 सितंबर 2026, वीरवार | यादविंदर

पंजाब के कैबिनेट मंत्री पशुपालन, मत्स्य पालन एवं डेयरी विकास विभाग गुरमीत सिंह खुड्डियां की अगुवाई और डेयरी विकास विभाग के निदेशक वरियाम सिंह गिल के निर्देशों पर लोगों को शुद्ध, साफ और गुणवत्तापूर्ण दूध उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से दूध की जांच और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत 9 सितंबर को डेयरी विकास विभाग लुधियाना की ओर से माछीवाड़ा शहर में दो दूध उपभोक्ता जागरूकता कैंप लगाए गए।

69 सैंपल जांचे, 27 में पानी ज्यादा

पहला कैंप महावीर कॉलोनी, माछीवाड़ा में लगाया गया, जहां कुल 35 दूध के सैंपल जांचे गए। इनमें से 11 सैंपलों में पानी की मात्रा अधिक पाई गई।

इसके बाद इंदिरा कॉलोनी, माछीवाड़ा में दूसरा कैंप लगाया गया। यहां कुल 34 दूध के सैंपल जांचे गए, जिनमें से 16 सैंपलों में पानी की मात्रा अधिक मिली।

दोनों कैंपों में कुल 69 दूध के सैंपल जांचे गए। विभाग के अनुसार जांच के दौरान किसी भी सैंपल में हानिकारक रसायन नहीं पाया गया।

लोगों को दूध की गुणवत्ता के प्रति किया जागरूक

इस दौरान डेयरी विकास विभाग की टीम ने लोगों को दूध की शुद्धता और गुणवत्ता के बारे में जानकारी दी। लोगों को साफ और मानक गुणवत्ता वाला दूध इस्तेमाल करने के लिए जागरूक किया गया।

विभाग ने कहा कि दूध की गुणवत्ता की जांच और लोगों को जागरूक करने के लिए ऐसे कैंप आगे भी लगातार लगाए जाएंगे।