आत्म पार्क में दिनदहाड़े एनकाउंटर! पुलिस और बदमाशों के बीच चली गोलियां, जवाबी फायरिंग में आरोपी घायल

पुलिस चौकी के पास मुठभेड़ से मचा हड़कंप—घायल बदमाश हिरासत में, पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा समेत आला अधिकारी मौके पर पहुंचे

लुधियाना / 13 सितंबर/कमल पवार

महानगर के आत्म पार्क इलाके में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस और संदिग्ध बदमाशों के बीच पुलिस चौकी के बिल्कुल नजदीक मुठभेड़ हो गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक पुलिस टीम को देखकर संदिग्धों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।

जवाबी फायरिंग में संदिग्ध बदमाशों के घायल होने की सूचना है। पुलिस ने उन्हें मौके पर काबू कर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। दिनदहाड़े हुई गोलीबारी के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि पुलिस की एक विशेष टीम को संदिग्धों के मूवमेंट की सूचना मिली थी। पुलिस टीम उनका पीछा करते हुए आत्म पार्क चौकी के पास पहुंची, जहां दोनों पक्षों के बीच फायरिंग हुई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा सहित डीसीपी और एडीसीपी स्तर के अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल को सुरक्षित कर पुलिस द्वारा साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

फिलहाल पुलिस की ओर से संदिग्धों की पहचान, उनके आपराधिक रिकॉर्ड और मुठभेड़ के पूरे घटनाक्रम को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है और जल्द ही आधिकारिक तौर पर पूरी जानकारी साझा की जा सकती है।

बड़ा सवाल: आखिर कौन थे ये संदिग्ध और किस वारदात की थी तैयारी?

आत्म पार्क में हुई इस मुठभेड़ के बाद पुलिस की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिक गई हैं। अब आधिकारिक खुलासे के बाद ही स्पष्ट होगा कि पकड़े गए आरोपी किस मामले में वांछित थे और उनके खिलाफ पहले से कौन-कौन से मामले दर्ज हैं।

दैनिक विज्ञापन
दैनिक विज्ञापन

You may have missed