छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में राहुल-प्रियंका का प्रदर्शन, पीएम मोदी के इस्तीफे की मांग
New Delhi: Leader of Opposition in the Lok Sabha Rahul Gandhi addresses media as Congress MP Priyanka Gandhi Vadra looks on during the Monsoon session of Parliament, in New Delhi, Tuesday, July 21, 2026.
Views: 8
छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में राहुल-प्रियंका का प्रदर्शन, पीएम मोदी के इस्तीफे की मांग

नई दिल्ली: छात्रों के खिलाफ कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध तेज कर दिया है। सोमवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा और कई वरिष्ठ नेताओं ने प्रधानमंत्री आवास के निकट धरना देकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस्तीफे की मांग की।
प्रधानमंत्री आवास 7, लोक कल्याण मार्ग के समीप धरने पर बैठे कांग्रेस नेताओं ने “प्रधानमंत्री इस्तीफा दो” के नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि छात्रों की आवाज को दबाने के लिए पुलिस बल का इस्तेमाल किया गया है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
धरने से पहले संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश से माफी मांगनी चाहिए और नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि छात्रों के खिलाफ हुई कार्रवाई के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी अपना पद छोड़ देना चाहिए।
वहीं, प्रियंका गांधी वाद्रा ने सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष संसद में इस मुद्दे पर चर्चा चाहता है, लेकिन उसे बोलने का अवसर नहीं दिया जा रहा। प्रियंका ने कहा कि जिन युवाओं पर लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया, उनकी बात सुनी जानी चाहिए और इस पूरे मामले की जवाबदेही तय करते हुए शिक्षा मंत्री से इस्तीफा लिया जाना चाहिए।
धरने से पहले राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचकर पुलिस कार्रवाई में घायल छात्रों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। कांग्रेस ने छात्रों के साथ एकजुटता जताते हुए कहा कि वह उनके अधिकारों और भविष्य की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
उधर, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। कांग्रेस लगातार सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगा रही है, जबकि इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष की प्रतिक्रिया का इंतजार है।
