अफगानिस्तान के साथ खड़ा भारत, बाढ़ प्रभावितों के लिए राहत सामग्री रवाना
Views: 1
अफगानिस्तान के साथ खड़ा भारत, बाढ़ प्रभावितों के लिए राहत सामग्री रवाना
नई दिल्ली/काबुल: अफगानिस्तान के नूरिस्तान प्रांत में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए भारत ने मानवीय पहल करते हुए खाद्य सामग्री और परिवारों के लिए टेंट भेजे हैं। यह राहत सामग्री अफगानिस्तान की राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) को सौंपी गई है, ताकि प्रभावित परिवारों तक जल्द सहायता पहुंचाई जा सके।
विदेश मंत्रालय (MEA) ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए कहा कि इस कठिन समय में भारत अफगानिस्तान के लोगों के साथ मजबूती से खड़ा है और हरसंभव मानवीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, नूरिस्तान प्रांत के परून शहर और आसपास के क्षेत्रों में आई बाढ़ में कम से कम 20 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 80 से अधिक लोग घायल हुए हैं। वहीं 100 से ज्यादा लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है।
तालिबान प्रशासन की राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने बताया कि बाढ़ से घर, दुकानें और कृषि भूमि बड़े पैमाने पर नष्ट हुई हैं। विशेषज्ञ टीमों को राहत एवं बचाव कार्य, लापता लोगों की तलाश और नुकसान के आकलन के लिए प्रभावित क्षेत्रों में भेजा गया है।
भारी बारिश, दुर्गम पहाड़ी इलाकों और सीमित सड़क संपर्क के कारण राहत एवं बचाव कार्य में कठिनाइयाँ आ रही हैं। अफगानिस्तान जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक आपदाओं से सबसे अधिक प्रभावित देशों में शामिल है, जहां बाढ़, भूस्खलन और सूखे जैसी घटनाएँ अक्सर होती रहती हैं।
