लुधियाना में फैक्ट्री मालिक की गला काटकर हत्या, शराब पार्टी में दोस्त से भिड़ंत के बाद खूनी खेल
Views: 34
हैबोवाल के हरगोबिंद नगर में सनसनीखेज वारदात | फैक्ट्री में मिला खून से लथपथ शव | आरोपी दोस्त फरार, पुलिस की छापेमारी जारी
जीत समाचार 22अगस्त लुधियाना (विक्रम सैनी)
लुधियाना के हैबोवाल थाना क्षेत्र के हरगोबिंद नगर में शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी। कपड़ों पर प्रिंटिंग का काम करने वाले करीब 40 वर्षीय फैक्ट्री मालिक जतिंदर राजपूत की तेजधार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप उसके ही एक दोस्त पर लगा है, जो वारदात के बाद से फरार बताया जा रहा है। आरोपी का मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ है।
शराब पार्टी में शुरू हुआ विवाद, पहुंचा खूनी अंजाम तक
जानकारी के अनुसार जतिंदर राजपूत शुक्रवार रात अपनी फैक्ट्री में दोस्तों के साथ शराब पार्टी कर रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका एक दोस्त से विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि आरोपी ने तेजधार हथियार से जतिंदर के गले पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई।वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
सुबह भाई फैक्ट्री पहुंचा तो उड़ गए होश
हैबोवाल थाना के SHO जसवीर सिंह के अनुसार पुलिस को शनिवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे हत्या की सूचना मिली। मृतक का भाई जब फैक्ट्री पहुंचा तो अंदर जतिंदर का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। उसके गले से काफी खून बह चुका था। यह भयावह दृश्य देखकर भाई के होश उड़ गए और उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने खंगाला घटनास्थल
सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और हर पहलू से जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।
आखिर किस बात पर हुआ खूनी विवाद?
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि शराब पार्टी के दौरान आखिर ऐसा क्या हुआ, जिसने दोस्ती को खूनी दुश्मनी में बदल दिया। पुलिस हत्या के पीछे की असली वजह जानने में जुटी है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे मामले से पर्दा उठने की उम्मीद है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।
