जीत समाचार | दिल्ली डैस्क शिक्षक दिवस पर 116 शिक्षकों को राजकीय पुरस्कार, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया सम्मानित

0

Views: 16

Loading

मुख्यमंत्री बोलीं—स्कूलों की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना पहली प्राथमिकता | शिक्षा व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प

नई दिल्ली | 5 सितंबर 2026 |  कुमार

शिक्षक दिवस के अवसर पर दिल्ली सरकार की ओर से करीब 116 शिक्षकों और प्रधानाचार्यों को राजकीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। त्यागराज स्टेडियम में आयोजित ‘शिक्षक महाकुंभ अवॉर्ड’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शिक्षकों को सम्मानित करते हुए दिल्ली की शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार स्कूलों में बुनियादी ढांचे और पाठ्यक्रम से जुड़ी कमियों को दूर करने के लिए काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य शिक्षा को नई ऊंचाइयों तक ले जाना है, लेकिन इसके लिए सबसे पहले स्कूलों में जरूरी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना होगा।

‘पिछली सरकारों ने 12 साल में कुछ नहीं किया’

मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में शिक्षा के क्षेत्र में पर्याप्त काम नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के बाद वर्तमान सरकार को कई स्तरों पर बुनियादी सुविधाओं से काम शुरू करना पड़ा।उन्होंने बताया कि स्कूलों में शौचालयों की मरम्मत, पेयजल सुविधाएं, रखरखाव, सफेदी और अन्य जरूरी मरम्मत कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

एक प्रतिष्ठित स्कूल के शौचालय में दरवाजा तक नहीं था

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्कूलों की स्थिति का उदाहरण देते हुए बताया कि निरीक्षण के दौरान उन्हें एक प्रतिष्ठित स्कूल में बेहद खराब स्थिति देखने को मिली।उन्होंने कहा कि स्कूल की काफी प्रशंसा की जाती थी, लेकिन निरीक्षण के दौरान वहां शौचालय में दरवाजा तक नहीं था। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसी स्थिति में छात्राएं उस सुविधा का इस्तेमाल किस तरह करती होंगी।

शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण

कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा गया कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में शिक्षक सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सरकार की ओर से उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों और प्रधानाचार्यों को सम्मानित करना उनके योगदान के प्रति सम्मान का प्रतीक है।

कार्यक्रम में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, सांसद बांसुरी स्वराज, शिक्षा मंत्री आशीष सूद सहित शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर बुनियादी सुविधाओं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर सरकार के फोकस को प्रमुखता से सामने रखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *