मिशन क्लीन पंजाब का दूसरा चरण शुरू, विधायकों ने संभाली सफाई की कमान

0

लुधियाना के अलग-अलग वार्डों में चला विशेष सफाई अभियान, लोगों से भी सहयोग की अपील

जीत समाचार | लुधियाना | 09 सितंबर 2026, वीरवार | सागर

पंजाब सरकार की ओर से शहरों और कस्बों को साफ-सुथरा और स्वस्थ बनाने के लिए शुरू किए गए ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के दूसरे चरण का लुधियाना में आगाज किया गया। जिले के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में विधायकों ने खुद सफाई अभियान की अगुवाई की और लोगों से अपने आसपास सफाई रखने की अपील की।

विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू की अगुवाई में हलका आत्म नगर के वार्ड नंबर 44 में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान नगर निगम की विभिन्न टीमें मौके पर मौजूद रहीं और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए काम किया गया।वहीं, विधायक चौधरी मदन लाल बग्गा ने वार्ड नंबर 92 में सफाई अभियान चलाया। उन्होंने क्षेत्रवासियों और दुकानदारों से बाजार तथा आसपास का क्षेत्र साफ रखने की अपील की।

विधायक अशोक पराशर पप्पी की ओर से लुधियाना सेंट्रल के सूफियां चौक के नजदीक स्कूल ऑफ एमिनेंस और आसपास के इलाकों में सफाई व फॉगिंग करवाई गई।

हलका पूर्वी के वार्ड नंबर 29 में विधायक दलजीत सिंह भोला ग्रेवाल ने मिशन क्लीन पंजाब के दूसरे चरण की शुरुआत की। उन्होंने खुद सफाई अभियान में हिस्सा लेते हुए लोगों से लगातार सफाई बनाए रखने में सहयोग की अपील की।

इसी तरह विधायक राजिंदरपाल कौर छीना ने वार्ड नंबर 43 में विशेष सफाई अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि साफ वातावरण स्वस्थ समाज की नींव है और शहर को साफ रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

जगरांव में विधायक सर्वजीत कौर मानूके ने वार्ड नंबर 1 और 2 में सफाई अभियान में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि साफ और सुंदर जगरांव के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

सफाई सिर्फ अभियान नहीं, रोजमर्रा की जिम्मेदारी

विधायकों ने कहा कि सफाई किसी एक दिन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। लोगों को अपने घर, दुकान और आसपास के क्षेत्र को साफ रखने के साथ-साथ कूड़े का सही प्रबंधन भी करना चाहिए।

खासकर बरसात के मौसम में गलियों, नालियों, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई बेहद जरूरी है। सही सफाई और कूड़ा प्रबंधन से कई मौसमी बीमारियों से बचाव में भी मदद मिल सकती है।

अब देखना होगा—अभियान के बाद सफाई कितने दिन कायम रहती है ?

जीत समाचार के लिए सबसे अहम सवाल यही है कि विशेष सफाई अभियान के बाद क्या संबंधित इलाकों में नियमित सफाई व्यवस्था भी इसी तरह जारी रहेगी या फिर अभियान खत्म होते ही हालात दोबारा पुराने जैसे हो जाएंगे?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *