15 मार्च तक ऑनलाइन ही स्वीकार किए जाएंगे स्कूलों की मान्यता के आवेदन

0

Views: 4

हमीरपुर 10 फरवरी।सतीश शर्मा
प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कमल किशोर भारती ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए जिला हमीरपुर के निजी स्कूलों की मान्यता के नवीनीकरण और वर्ष 2026-31 तक मान्यता के नए आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। ये ऑनलाइन आवेदन वेबसाइट एमर्जिंगहिमाचल.एचपी.जीओवी.इन पर 15 मार्च तक किए जा सकते हैं।
कमल किशोर भारती ने बताया 
शिक्षा का अधिकार 2009 तथा निशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम 2011 हिमाचल प्रदेश में निहित प्रावधानों के अनुसार जिला हमीरपुर के सभी निजी पाठशालाओं का कोई भी ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।उपनिदेशक ने बताया कि प्री प्राइमरी से पांचवीं तक कक्षा वाले विद्यालय अपने ऑनलाइन आवेदन निर्धारित शुल्क के साथ संबंधित बीईईओ को प्रेषित करेंगे। जबकि, प्राइमरी से आठवीं और छठी से आठवीं तक की कक्षाओं वाले विद्यालय प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक को ऑनलाइन प्रेषित करेंगे।ऑनलाइन आवेदनों में त्रुटियां पाई जाने पर इन्हें ऑनलाइन ही वापस विद्यालय को भेजा जाएगा। त्रुटियों के निवारण के उपरांत इन्हें पुनः संबंधित कार्यालय को ऑनलाइन प्रेषित किया जा सकता है। सही आवेदनों को ऑनलाइन ही मान्यता पत्र व मान्यता नवीनीकरण पत्र जारी किए जाएंगे।
उपनिदेशक ने बताया कि सत्र 2026-27 में केवल वही विद्यालय विद्यार्थियों को दाखिला दे पाएंगे, जिनके पास विभाग का मान्यता प्रमाण पत्र होगा। मान्यता पत्र व मान्यता नवीनीकरण पत्र के बिना संचालित होने वाले विद्यालयों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्री प्राइमरी से पांचवीं कक्षा तक नई मान्यता प्राप्त करने और स्कूल को स्तरोन्नत करके छठी से आठवीं तक नई मान्यता प्राप्त करने के लिए पांच हजार रुपये शुल्क अदा करना होगा। पहली कक्षा से आठवीं कक्षा तक नई मान्यता प्राप्त करने का शुल्क दस हजार रुपये निर्धारित किया गया है। जबकि, पहली से आठवीं कक्षा तक मान्यता के नवीनीकरण का शुल्क 500 रुपये प्रतिवर्ष है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed