बल्ह–डटवालियाँ सड़क पर विकास की दिशा स्पष्ट, टेक्निकल सैंक्शन पूर्ण — फॉरेस्ट क्लियरेंस अंतिम चुनौती

0

Views: 2

बड़सर। सतीश शर्मा विट्टू
भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित मोर्चा के जिला सचिव एवं बीडीसी सदस्य विनोद धीमान ने बल्ह–डटवालियाँ सड़क को लेकर विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि यह सड़क विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल की निरंतर प्राथमिकता में रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क की टेक्निकल सैंक्शन पूरी तरह से प्राप्त हो चुकी है और अब इसके निर्माण में फॉरेस्ट क्लियरेंस ही एकमात्र एवं अंतिम बड़ी बाधा शेष है।
विनोद धीमान ने कहा कि इस सड़क के लिए अब तक जो भी विकासात्मक कार्य हुए हैं, वे सभी विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल की विधायक निधि और उनके व्यक्तिगत हस्तक्षेप का परिणाम हैं। सड़क की तकनीकी स्वीकृति से लेकर प्रशासनिक औपचारिकताओं तक, हर स्तर पर विधायक ने स्वयं निगरानी रखी। जब-जब सड़क की स्थिति खराब हुई, तब-तब विधायक ने तत्काल जेसीबी लगवाकर सड़क को चलने योग्य बनवाया, ताकि स्थानीय लोगों को असुविधा न हो।
उन्होंने बताया कि फॉरेस्ट क्लियरेंस की प्रक्रिया के दौरान जब सड़क से जुड़ा रिकॉर्ड उर्दू भाषा में पाया गया, तो विधायक ने विशेष रूप से उर्दू जानने वाले व्यक्ति की व्यवस्था कर रिकॉर्ड का अनुवाद करवाया, जिससे फाइल आगे बढ़ सकी। सुप्रीम कोर्ट द्वारा फॉरेस्ट क्लियरेंस पर रोक लगाए जाने के बावजूद विधायक ने हार नहीं मानी और लगातार वैकल्पिक प्रयासों के माध्यम से प्रक्रिया को आगे बढ़ाया।
विनोद धीमान ने विश्वास व्यक्त किया कि फॉरेस्ट क्लियरेंस अब अंतिम चरण में है और इसके मिलते ही सड़क निर्माण के लिए आवश्यक बजट शीघ्र उपलब्ध करवा दिया जाएगा। उन्होंने बल्ह–डटवालियाँ के समस्त निवासियों से संयम, धैर्य और विश्वास बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि यह सड़क क्षेत्र के विकास की धुरी है और बहुत जल्द इसका स्थायी समाधान सुनिश्चित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed