बुजुर्गों के अनुभव और युवाओं की ऊर्जा का समन्वय ही समाज की वास्तविक शक्ति: कैप्टन रणजीत सिंह

0

Views: 4

जीत समाचार:हमीरपुर 27 फरवरी।सतीश शर्मा की रिपोर्ट

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने आईटीआई सुजानपुर में आयोजित किया कार्यक्रम

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने शुक्रवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सुजानपुर टीहरा में वृद्धजनों हेतु राष्ट्रीय कार्य योजना के तहत ‘इंटर जनरेशनल बॉंडिंग’ यानि अंतर-पीढ़ीगत संबंध विषय पर एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यकम में विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर जिला कल्याण अधिकारी चमन लाल शर्मा ने मुख्य अतिथि को शॉल टोपी व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। कार्यकम में 50 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों और राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के समस्त प्रशिक्षुओं एवं स्टाफ ने भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ एवं युवा पीढी के मध्य संवाद, समझ एवं पारम्परिक सम्मान को बढ़ावा देना था। अपने सम्बोधन में मुख्य अतिथि कैप्टन रणजीत सिंह ने पीढ़ियों के बीच सामंजस्य की आवश्यकता पर बल देने की बात कही। उन्होंने कहा कि वृद्धों का अनुभव और युवाओं की ऊर्जा का समन्वय ही समाज की वास्तविक शक्ति है। अन्य अतिथियों ने भी युवाओं को वरिष्ठ नागरिकों से जीवन मूल्यों एवं अनुभवों को सीखने का संदेश दिया।कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों एवं युवाओं के मध्य संवाद, प्रश्नोत्तरी, मटका फोड़, म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

इसके अतिरिक्त वरिष्ठ नागरिकों द्वारा समूह गान गाकर युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों बारे जागरूक किया गया। युवाओं ने लघु नाटिका और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यकम में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य आतिश वर्मा और सोसाईटी फॉर एनवायरमेंटल एंड रूरल अवेकनिंग के प्रतिनिधि प्रदीप शर्मा ने इस विषय पर अपने विचार रखे।जिला कल्याण अधिकारी वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित की जा रही योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को बड़े बुजुर्गों के अनुभवों से सीखने एवं उनके प्रति सम्मान व सेवाभाव बनाये रखने का अनुरोध भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed