कांग्रेस हाईकमान जल्द ही राज्यसभा उम्मीदवार के नाम की घोषणा करेगा
Views: 40
शिमला / 03 मार्च 2026 / सतीश शर्मा
हिमाचल प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। संसदीय कार्यमंत्री हर्षवर्धन चौहान ने जानकारी दी कि 5 मार्च राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तिथि है। इसी दिन सुबह 11 बजे विधानसभा परिसर में कांग्रेस विधायक दल (CLP) की बैठक बुलाई गई है।
बताया जा रहा है कि उम्मीदवार के नामांकन से पहले यह अहम बैठक आयोजित की जा रही है। माना जा रहा है कि इसी बैठक में प्रत्याशी के नाम पर अंतिम सहमति बन सकती है। कांग्रेस आलाकमान जल्द ही राज्यसभा उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर सकता है।
हर्षवर्धन चौहान ने पिछले राज्यसभा चुनाव के दौरान हुई घटनाओं को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि उस समय साजिश रचने वाले अब उसका परिणाम भुगत चुके हैं और अधिकांश को जनता ने घर बैठा दिया है। उन्होंने संकेत दिए कि इस बार पार्टी पूरी रणनीति और एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।
वहीं बजट सत्र को लेकर भी संसदीय कार्यमंत्री ने महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 18 मार्च से विधानसभा का बजट सत्र दोबारा शुरू होगा। 20 मार्च को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू राज्य का बजट पेश करेंगे। यह उनके कार्यकाल का चौथा बजट होगा, जिसे लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में काफी चर्चा है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे युद्ध जैसे हालातों पर प्रतिक्रिया देते हुए चौहान ने कहा कि दूसरे देशों में फंसे लोगों की मदद के लिए आज हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाएगा। एयरस्पेस खुलते ही फंसे हुए लोगों को वापस लाने के प्रयास तेज किए जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि हिमाचल सरकार लगातार गृह मंत्रालय के संपर्क में है और फिलहाल सूचना है कि हिमाचल प्रदेश के सभी लोग सुरक्षित हैं।
