मनीला में क्वाड की रणनीतिक बैठक, हिंद-प्रशांत में शांति और स्थिरता पर जोर

0
मनीला में क्वाड की रणनीतिक बैठक, हिंद-प्रशांत में शांति और स्थिरता पर जोर

Views: 1

मनीला में क्वाड की रणनीतिक बैठक, हिंद-प्रशांत में शांति और स्थिरता पर जोर

मनीला: फिलीपींस की राजधानी मनीला में आसियान बैठकों के इतर आयोजित क्वाड (Quad) देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में मुक्त, खुला और समावेशी हिंद-प्रशांत (इंडो-पैसिफिक) क्षेत्र को मजबूत बनाने तथा आसियान के साथ रणनीतिक साझेदारी को और सशक्त करने पर सहमति बनी। बैठक के बाद जारी संयुक्त बयान में चारों देशों ने आसियान की एकता और केंद्रीय भूमिका के प्रति अपना अटूट समर्थन दोहराया।

बैठक में भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर, ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग, जापान के विदेश मंत्री और अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो शामिल हुए। विदेश मंत्रालय के अनुसार, क्वाड देशों ने क्षेत्रीय सुरक्षा, आर्थिक समृद्धि, महत्वपूर्ण एवं उभरती प्रौद्योगिकियों, समुद्री सुरक्षा, मानवीय सहायता और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की।

संयुक्त बयान में कहा गया कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और नियम-आधारित व्यवस्था पूरे क्षेत्र की सुरक्षा और समृद्धि की आधारशिला है। साथ ही, आसियान आउटलुक ऑन द इंडो-पैसिफिक (AOIP) के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई गई।

बैठक के बाद विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि क्वाड विदेश मंत्रियों ने क्षेत्रीय हालात और हालिया घटनाक्रमों की समीक्षा की तथा नई दिल्ली में हुई पिछली क्वाड बैठक के निर्णयों के क्रियान्वयन पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि चारों देशों ने आसियान की केंद्रीय भूमिका को स्वीकार करते हुए मुक्त और खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति अपनी साझा प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *