RTA के भारी चालानों से परेशान व्यापारियों ने परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा के नाम सौंपा ज्ञापन

0

Views: 15

लुधियाना।22 जुलाई अरुण कुमार

लुधियाना स्टील री-रोलिंग मिल एसोसिएशन तथा लुधियाना स्टील ब्रोकर वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने RTA लुधियाना और RTA पटियाला द्वारा व्यावसायिक वाहनों के कथित भारी चालान काटे जाने और व्यापारियों को परेशान किए जाने के मुद्दे पर पंजाब के परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा के नाम एक ज्ञापन आतम नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू को सौंपा।

व्यापारियों ने बताया कि उद्योग पहले ही श्रमिकों की कमी, बिजली संबंधी समस्याओं और बाजार में मंदी जैसी चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे समय में RTA अधिकारियों द्वारा व्यावसायिक वाहनों के कथित रूप से भारी चालान काटे जा रहे हैं, जिससे उद्योगपतियों और व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

व्यापारियों का कहना था कि स्टील उद्योग सरकार को करोड़ों रुपये का राजस्व देता है। यदि इसी प्रकार उद्योगों पर दबाव बनाया जाता रहा तो इसका असर व्यापार, रोजगार और सरकारी राजस्व पर भी पड़ सकता है।

ज्ञापन प्राप्त करने के बाद विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि वह परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा से इस विषय पर मुलाकात करेंगे और व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

इस अवसर पर लुधियाना स्टील री-रोलिंग मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह, लुधियाना स्टील ब्रोकर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश सोनी, दीपक भाटिया, अतुल गुप्ता, गुरकमल सिंह, कंवलजीत सिंह डंग सहित दोनों संगठनों के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *