“सवालों के घेरे में बहाली! जांच खत्म नहीं, फिर भी लुधियाना में वापसी”
Views: 35
SIR या राजनीतिक दबाव?” | 4 दिन में पलटा सस्पेंशन का फैसला, जांच जारी फिर भी लुधियाना वापसी!
लुधियाना | 24 जुलाई |जीत समाचार ब्यूरो
लुधियाना नगर निगम की बिल्डिंग ब्रांच में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पूरे प्रशासनिक सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस बिल्डिंग इंस्पेक्टर को 13 जुलाई 2026 को निलंबित कर मोगा मुख्यालय भेजा गया था, उसे 16 जुलाई 2026 को फिर से नगर निगम लुधियाना में तैनात कर दिया गया।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब विभागीय जांच अभी भी लंबित है, तो फिर इतनी जल्दी वापसी कैसे हो गई ?
ऑर्डर की कॉपी में क्या है ?
डायरेक्टरेट स्थानीय सरकार, पंजाब के आदेश संख्या S3-DMS-MSS-2026/267 (दिनांक 16.07.2026) में लिखा गया है कि Special Intensive Revision (SIR) के कार्य की महत्ता को देखते हुए संबंधित बिल्डिंग इंस्पेक्टर को पुनः लुधियाना में तैनात किया जाता है। साथ ही यह भी स्पष्ट लिखा गया है कि विभागीय जांच जारी रहेगी।
यानी एक तरफ जांच जारी है, दूसरी तरफ संबंधित कर्मचारी फिर से अपनी ड्यूटी पर लौट आया।
यहीं से उठते हैं बड़े सवाल
1 यदि आरोप इतने गंभीर थे कि निलंबन आवश्यक माना गया, तो केवल चार दिन बाद परिस्थितियां कैसे बदल गईं?
2 क्या SIR ही इस निर्णय का एकमात्र आधार था, या कोई अन्य प्रशासनिक कारण भी थे?
3 क्या इस फैसले की पूरी जानकारी संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों को थी?
4 क्या विभाग इस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक करेगा?
इन सवालों के जवाब संबंधित विभाग से अपेक्षित हैं।
सूत्रों का दावा
सूत्रों का दावा है कि इस पूरे घटनाक्रम ने नगर निगम के भीतर भी चर्चा छेड़ दी है। यह भी दावा किया जा रहा है कि बहाली संबंधी निर्णय की जानकारी सभी स्तरों तक नहीं पहुंची थी। जीत समाचार इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता और संबंधित अधिकारियों का पक्ष भी आमंत्रित करता है।
जीत समाचार का सवाल
यदि एक कर्मचारी का निलंबन, मुख्यालय परिवर्तन और फिर कुछ ही दिनों में उसी स्थान पर पुनः तैनाती हो जाती है, जबकि जांच जारी रहती है, तो पारदर्शिता और प्रशासनिक प्रक्रिया पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
क्या इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होगी? क्या जनता को बताया जाएगा कि तीन दिन में ऐसा क्या बदला कि आदेश बदल गया?
इन सवालों के जवाब का इंतजार सिर्फ जीत समाचार नहीं, बल्कि पूरे शहर को है।
