कैबिनेट मंत्रियों चीमा और सौंद ने शहीद मास्टर कर्नैल सिंह ईसड़ू को श्रद्धांजलि दी
Views: 4
राज्य स्तरीय समारोह में शहीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित | नशे और गैंगस्टरवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी: हरपाल सिंह चीमा | युवाओं के लिए प्रेरणा हैं शहीद ईसड़ू: तरुनप्रीत सिंह सौंद
खन्ना (लुधियाना), 15 अगस्त। अरुण कुमार
पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा और तरुनप्रीत सिंह सौंद ने शहीद मास्टर कर्नैल सिंह ईसड़ू के पैतृक गांव ईसड़ू में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह के दौरान उन्हें श्रद्धा के फूल अर्पित किए। यह समारोह शहीद मास्टर कर्नैल सिंह ईसड़ू के शहीदी दिवस को समर्पित था।इस दौरान दोनों मंत्रियों ने शहीद मास्टर कर्नैल सिंह ईसड़ू की प्रतिमा पर पुष्पमालाएं अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शहीद की भतीजियों जसविंदर कौर और नरेंद्र कौर को सम्मानित भी किया। मास्टर कर्नैल सिंह ईसड़ू ने पुर्तगाली शासन से गोवा को आजाद करवाने के आंदोलन के दौरान अपना बलिदान दिया था।
पंजाबियों ने हमेशा देश के लिए दी कुर्बानियां: चीमा
कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पंजाबियों ने देश की एकता, अखंडता और अमन-शांति के लिए हमेशा बड़ी कुर्बानियां दी हैं। उन्होंने कहा कि शहीद मास्टर कर्नैल सिंह ईसड़ू ने गोवा की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देकर पंजाब की बहादुरी और देशभक्ति की मिसाल कायम की।उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में पंजाब के लोगों ने आम आदमी पार्टी को ऐतिहासिक जनादेश दिया और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में सरकार बनी। चीमा ने सरकार की ओर से किए गए कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली योजना के तहत करीब 90 प्रतिशत घरों के बिजली बिल शून्य आ रहे हैं।उन्होंने शिक्षा क्षेत्र में स्कूल ऑफ एमिनेंस, शिक्षकों की अंतरराष्ट्रीय स्तर की ट्रेनिंग और सरकारी स्कूलों के बेहतर परिणामों को सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियां बताया।
शहीद परिवारों के सम्मान और युवाओं के लिए योजनाओं का जिक्र
चीमा ने कहा कि पंजाब सरकार ने शहीदों के परिवारों के लिए एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि, स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत मुफ्त इलाज, सड़कों के विकास, खेल स्टेडियमों और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने जैसे कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से अब तक 70 हजार सरकारी नौकरियां देने का दावा भी किया गया है।उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार नशे और गैंगस्टरवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। साथ ही युवाओं को नशे से दूर कर खेलों और रोजगार के अवसरों से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
शहीदों की विरासत से प्रेरणा लें युवा: सौंद
कैबिनेट मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने कहा कि सिख गुरुओं, विशेष रूप से श्री गुरु अर्जुन देव जी और श्री गुरु तेग बहादुर जी की कुर्बानी की विरासत पंजाबियों को हमेशा मानवता और सच्चाई के लिए खड़े होने की प्रेरणा देती रही है।उन्होंने कहा कि इसी जज्बे ने भारत के आजादी संग्राम में पंजाब के योगदान को मजबूत किया। उन्होंने शहीद भगत सिंह, शहीद ऊधम सिंह, करतार सिंह सराभा, लाला लाजपत राय और शहीद मास्टर कर्नैल सिंह ईसड़ू की कुर्बानियों को याद करते हुए युवाओं से उनके जीवन से प्रेरणा लेने की अपील की।सौंद ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार ने स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहल की हैं। उन्होंने आम आदमी क्लीनिक, स्कूल ऑफ एमिनेंस, 10 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा और खेतों तक नहरी पानी पहुंचाने जैसे कार्यों का जिक्र किया।
ईसड़ू गांव के विकास के लिए 2.17 करोड़ रुपये की ग्रांट
मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने बताया कि गांव ईसड़ू के सर्वांगीण विकास के लिए अब तक 2 करोड़ 17 लाख रुपये की ग्रांट जारी की गई है। इस राशि से खेल मैदान, आंगनवाड़ी सेंटर, ग्रामीण लाइब्रेरी, तालाबों की सफाई, पंचायत घर और एससी धर्मशाला सहित अन्य विकास कार्य करवाए जा रहे हैं।उन्होंने भरोसा दिलाया कि शहीद मास्टर कर्नैल सिंह ईसड़ू के पैतृक गांव के विकास के लिए फंड की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
समारोह में पंजाब जेनको लिमिटेड के चेयरमैन नवजोत सिंह जरग, जिला परिषद लुधियाना के चेयरमैन जगरूप सिंह सेह, मार्केट कमेटी दोराहा के चेयरमैन एवं जिला प्रधान देहाती गुरदर्शन सिंह कूहली, ब्लॉक समिति खन्ना के चेयरमैन लखवीर सिंह गिल, नगर परिषद खन्ना के प्रधान जतिंदर पाठक, जिला परिषद सदस्य मास्टर अवतार सिंह देहिड़ू समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।इसके अलावा एसएसपी खन्ना डॉ. दर्पण आहलूवालिया, एडीसी खन्ना जशनप्रीत कौर गिल, एसडीएम खन्ना स्वाती टिवाणा, कार्य साधक अधिकारी चरणजीत सिंह, नायब तहसीलदार गुरचरण सिंह, बीडीपीओ खन्ना सतविंदर सिंह कंग, सरपंच जतिंदरजोत सिंह ईसड़ू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और आम आदमी पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
