लुधियाना में पुलिस कस्टडी में युवक की मौत: गद्दे की जिप से फंदा लगाने का पुलिस का दावा, 10 ग्राम हेरोइन के साथ हुआ था गिरफ्तार

0

Views: 13

दो दिन के रिमांड पर था बलबीर सिंह, रिकवरी के लिए ले जाने से पहले हवालात में मिला शव; पोस्टमार्टम और जांच से खुलेगा मौत का राज

लुधियाना, 20 अगस्त (विक्रम सैनी)

थाना लाडोवाल की हवालात में पुलिस कस्टडी के दौरान एक युवक की मौत से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान बलबीर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, नशा तस्करी के आरोप में दो दिन पहले गिरफ्तार किए गए बलबीर सिंह ने हवालात में रखे गद्दे की जिप तोड़कर उससे फंदा लगा लिया। वह पुलिस रिमांड पर था और वीरवार को पुलिस उसे मामले में रिकवरी के लिए लेकर जाने वाली थी।
नहाने के लिए बुलाने पहुंचा मुलाजिम तो लटका मिला शव पुलिस के मुताबिक, वीरवार सुबह करीब 8 बजे तक बलबीर सिंह सामान्य हालत में था। इसके बाद एक पुलिस कर्मचारी उसे नहाने के लिए बुलाने हवालात में पहुंचा तो उसके होश उड़ गए। बलबीर का शव गद्दे की जिप से बनाए गए फंदे पर लटका हुआ था। मुलाजिम ने तुरंत अधिकारियों और अन्य कर्मचारियों को सूचना दी।
पुलिस कर्मियों ने उसे फंदे से नीचे उतारा और सिविल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस का कहना है कि युवक की मौत हवालात में ही हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

10 ग्राम हेरोइन के साथ हुआ था गिरफ्तार पुलिस के अनुसार, बलबीर सिंह को दो दिन पहले 10 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया था। अदालत से उसका पुलिस रिमांड हासिल किया गया था। पुलिस को उससे मामले में आगे की रिकवरी करनी थी, जिसके लिए उसे वीरवार सुबह बाहर ले जाने की तैयारी थी। लेकिन उससे पहले ही हवालात में उसकी मौत हो गई।

पुलिस कस्टडी में मौत ने खड़े किए सवाल हवालात के भीतर युवक द्वारा फंदा लगाए जाने की घटना ने पुलिस की कस्टडी और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर गद्दे की जिप तक आरोपी की पहुंच कैसे हुई और हवालात में उसकी निगरानी किस स्तर पर हो रही थी—जांच में इन सवालों के जवाब सामने आना अहम होगा।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी तस्वीर

थाना लाडोवाल के इंस्पेक्टर सुखविंदर सिंह के अनुसार, शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों की पूरी पुष्टि हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि फिलहाल बलबीर सिंह का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed