करोड़ों के बैंक लोन विवाद में पार्क प्लाजा होटल पर बड़ी कार्रवाई, सैलून समेत 7वीं-8वीं मंजिल सील

0

Views: 15

बैंक अधिकारियों और पुलिस की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई | होटल का बाकी सामान्य कामकाज रहा जारी

लुधियाना, 20 अगस्त (विक्रम सैनी)

महानगर के भाई वाला चौक स्थित प्रतिष्ठित फाइव स्टार होटल पार्क प्लाजा में गुरुवार सुबह बैंक अधिकारियों और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। करोड़ों रुपये के बैंक ऋण विवाद से जुड़े मामले में होटल परिसर के सैलून के अलावा 7वीं और 8वीं मंजिल पर स्थित कुछ कमरों को सील कर दिया गया।कार्रवाई के दौरान होटल के मुख्य गेट पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। बैंक अधिकारियों और संबंधित टीम ने होटल के अंदर दस्तावेजों की जांच की तथा सीलिंग की प्रक्रिया पूरी की। सील किए गए हिस्सों पर आधिकारिक नोटिस भी लगाए गए।

करोड़ों रुपये के ऋण को लेकर चल रहा है विवाद

सूत्रों के अनुसार, होटल प्रबंधन पर विभिन्न बैंकों का करोड़ों रुपये का ऋण बकाया बताया जा रहा है। इस संबंध में बैंक और होटल प्रबंधन के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

बताया जा रहा है कि अदालत की ओर से होटल प्रबंधन को बकाया राशि के निपटारे और पेशी के संबंध में चार बार नोटिस जारी किए गए थे। इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए बैंक अधिकारियों और संबंधित टीम ने पुलिस बल के साथ होटल पहुंचकर कार्रवाई की।

सैलून और दो मंजिलों के कमरे सील

कार्रवाई के दौरान होटल में स्थित सैलून के अलावा 7वीं और 8वीं मंजिल पर स्थित कुछ कमरों को सील किया गया। हालांकि, होटल को पूरी तरह बंद नहीं किया गया।होटल में ठहरे मेहमानों की आवाजाही जारी रही, जबकि रेस्टोरेंट और अन्य आवश्यक सेवाएं भी सामान्य रूप से चलती रहीं। मुख्य प्रवेश द्वार पर पुलिस बल की तैनाती के कारण पूरे इलाके में कार्रवाई को लेकर चर्चा बनी रही।

किस बैंक के मामले में हुई कार्रवाई, आधिकारिक जानकारी का इंतजार

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कार्रवाई किसी विशेष बैंक के किस ऋण या गैर-निष्पादित ऋण खाते से जुड़े मामले में की गई। बैंक और पुलिस अधिकारियों की ओर से इस संबंध में विस्तृत आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक किया जाना बाकी है।होटल प्रबंधन से भी संबंधित दस्तावेजों और मामले को लेकर पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है।

पूर्व विधायक जस्सी खंगूड़ा से जुड़ा है होटल

उल्लेखनीय है कि पार्क प्लाजा होटल का संबंध पूर्व कांग्रेस विधायक जसबीर सिंह ‘जस्सी’ खंगूड़ा से बताया जाता है। वह पंजाब की राजनीति में सक्रिय रहे हैं और पहले कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे, हालांकि बाद में वह दोबारा कांग्रेस में लौट आए।अब इस पूरे मामले में बैंक, संबंधित अधिकारियों और होटल प्रबंधन की ओर से विस्तृत आधिकारिक स्थिति सामने आने का इंतजार है। करोड़ों रुपये के ऋण विवाद में हुई इस कार्रवाई के बाद आने वाले दिनों में मामला और स्पष्ट होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed