ट्रांसपोर्ट नगर में केमिकल से लदे ट्रक में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी
Views: 10
लुधियाना, 20 अगस्त (विक्रम सैनी)
ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क पर दौड़ रहे केमिकल से लदे एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। केमिकल के कारण आग की लपटें काफी ऊंची उठने लगीं और आसमान में काले धुएं का घना गुबार छा गया। इससे आसपास के दुकानदारों, राहगीरों और वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, केमिकल के ड्रमों व अन्य सामान से लदा ट्रक ट्रांसपोर्ट नगर से गुजर रहा था। इसी दौरान ट्रक के पिछले हिस्से और केबिन के पास से अचानक धुआं निकलने लगा। चालक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक को सड़क किनारे रोका और तुरंत नीचे कूदकर अपनी जान बचाई।
ज्वलनशील केमिकल लोड होने के कारण आग कुछ ही मिनटों में तेजी से फैल गई। आग की तीव्रता को देखते हुए आसपास खड़े वाहनों और दुकानों को भी खतरा पैदा हो गया। लोगों ने आनन-फानन में अपने वाहन हटाए और सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए।सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए ट्रक पर चारों तरफ से पानी की बौछार की। आग की भयावहता के कारण दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं, स्थानीय पुलिस ने एहतियात के तौर पर इलाके में यातायात रोककर रूट डायवर्ट कर दिया।फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
