जीत समाचार | लुधियाना
Views: 2
नशे के खिलाफ जंग: कमिश्नरेट पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान
थाना डिवीजन नंबर-4 की पुलिस ने मन्ना सिंह नगर में लगाया जागरूकता सेमिनार | एसएचओ हरपाल सिंह ने युवाओं को नशे से दूर रहने का किया आह्वान
लुधियाना, 5 सितंबर 2026 | अरुण कुमार
पंजाब को पूरी तरह नशामुक्त बनाने के संकल्प के साथ कमिश्नरेट पुलिस द्वारा शुरू की गई विशेष मुहिम ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ के तहत महानगर में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शहर के विभिन्न थानों की पुलिस द्वारा अपने-अपने अधिकार क्षेत्रों में विशेष सेमिनार आयोजित कर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत थाना डिवीजन नंबर-4 की पुलिस ने मन्ना सिंह नगर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान थाना प्रभारी एसएचओ हरपाल सिंह ने आम जनता और युवाओं से सीधा संवाद करते हुए नशे से होने वाले नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
नशा व्यक्ति ही नहीं, पूरे परिवार को करता है बर्बाद
एसएचओ हरपाल सिंह ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि इसका असर पूरे परिवार पर पड़ता है। नशे की लत व्यक्ति को आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर करने के साथ-साथ परिवार की खुशियां भी छीन सकती है।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों में लगाएं तथा बुरी संगत से पूरी तरह दूर रहें।
नशा तस्करों की सूचना पुलिस को देने की अपील
एसएचओ हरपाल सिंह ने कहा कि नशे के खिलाफ केवल पुलिस की कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। समाज का जागरूक और सहयोगी होना भी उतना ही जरूरी है।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि यदि उनके इलाके में कोई व्यक्ति नशा बेचता या नशे की तस्करी करता दिखाई दे, तो बिना किसी डर के तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दें। उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।
नशामुक्त और सुरक्षित शहर बनाने का संकल्प
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कमिश्नरेट पुलिस नशे के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ लगातार जागरूकता अभियान भी चला रही है। इसका उद्देश्य युवाओं को नशे से बचाना और समाज में नशे के खिलाफ सामूहिक जागरूकता पैदा करना है।
कमिश्नरेट पुलिस ने दोहराया कि लुधियाना को नशामुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
