एक साल से अटका ट्रांसफार्मर विवाद खत्म! कमल पवार की पहल से दोनों पक्षों में बनी सहमति
संयुक्त प्रयासों से सुलझा मामला | कोर्ट केस खत्म कर ट्रांसफार्मर लगाने पर बनी सहमति
लुधियाना | 6 सितंबर 2026 | अरुण कुमार
द्वारका एन्क्लेव गऊ धाम के नजदीक प्रतापपुरा, हम्बड़ा रोड में पिछले एक साल से चला आ रहा बिजली ट्रांसफार्मर का विवाद आखिरकार आपसी सहमति से सुलझ गया। बिजली बोर्ड के एक अधिकारी की गलती के कारण दो पक्षों में पैदा हुआ मतभेद कोर्ट केस तक पहुंच गया था।
कमल पवार ने दोनों पक्षों को बैठाकर कराया समझौता
जिला प्लानिंग बोर्ड लुधियाना के नवनियुक्त सदस्य कमल पवार ने दोनों पक्षों को एक साथ बैठाकर इलाके के विकास और जनहित को प्राथमिकता देते हुए सहमति बनवाई। दोनों पक्षों ने उनकी बात मानते हुए कोर्ट केस खत्म करने और ट्रांसफार्मर लगाने पर सहमति जताई।
नियुक्ति पर इलाका निवासियों ने किया स्वागत
द्वारका एन्क्लेव और बल्ब कॉलोनी के निवासियों ने कमल पवार की जिला प्लानिंग बोर्ड के सदस्य के रूप में नियुक्ति पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान उन्हें गुरु की बख्शिश के रूप में सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया।
कमल पवार ने क्षेत्रवासियों का आभार जताते हुए कहा कि उनका उद्देश्य इलाके का विकास और जनकल्याण है। उन्होंने कहा कि वह आगे भी लोगों की सेवा और सहयोग के लिए उनके साथ खड़े रहेंगे।
