7 सितंबर को लुधियाना के वकील रहेंगे न्यायिक कार्य से दूर

0

एडवोकेट अमनिंदर सिंह मान के खिलाफ FIR के विरोध में ‘नो वर्क डे’ का फैसला

लुधियाना | 06 सितंबर 2026 | सुनील कुमार

जिला बार एसोसिएशन लुधियाना की कार्यकारिणी की बैठक में पंजाब, हरियाणा एवं यूटी चंडीगढ़ की बार एसोसिएशनों की संयुक्त एक्शन कमेटी तथा पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के राज्य स्तरीय आह्वान पर विस्तार से विचार किया गया।

बैठक के बाद बार एसोसिएशन के सचिव हिमांशु वालिया ने बताया कि कार्यकारिणी ने सर्वसम्मति से फैसला लिया है कि सोमवार, 7 सितंबर 2026 को लुधियाना में ‘नो वर्क डे’ मनाया जाएगा।

यह फैसला जिला बार एसोसिएशन मानसा के सदस्य एडवोकेट अमनिंदर सिंह मान के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत दर्ज FIR नंबर 19 के विरोध में लिया गया है। जिला बार एसोसिएशन लुधियाना ने मामले को लेकर गंभीर चिंता जताते हुए एडवोकेट अमनिंदर सिंह मान तथा जिला बार एसोसिएशन मानसा के साथ एकजुटता व्यक्त की है।

बार एसोसिएशन के अनुसार, 7 सितंबर को लुधियाना के अधिवक्ता न्यायिक कार्य से दूर रहकर राज्य स्तरीय आह्वान का समर्थन करेंगे। एसोसिएशन ने अपने सभी सदस्यों से इस निर्णय में पूर्ण सहयोग करने की अपील की है।

वहीं, बार एसोसिएशन ने माननीय अदालतों से भी अनुरोध किया है कि 7 सितंबर को अधिवक्ताओं की अनुपस्थिति को ध्यान में रखते हुए सदस्यों को उचित सहयोग प्रदान किया जाए।

बैठक के अंत में बार एसोसिएशन ने एकजुटता का संदेश देते हुए कहा—

“बार की एकता ही बार की ताकत है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *