बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर की प्रतिमाओं की बेअदबी के विरोध में बसपा का रोष धरना

0

पटियाला में बसपा नेताओं ने सरकार के खिलाफ जताया रोष, दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और प्रतिमाओं की सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध की मांग

पटियाला, 10 सितंबर।चीफ ब्यूरो

विभिन्न स्थानों पर भारत के संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमाओं की बेअदबी की घटनाओं के विरोध में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की ओर से पटियाला में रोष धरना दिया गया। धरने की अगुवाई बलदेव सिंह मेहरा, उपाध्यक्ष बसपा पंजाब एवं जोन इंचार्ज पटियाला ने की, जबकि अध्यक्षता मेजर सिंह टिब्बी, जिला प्रधान पटियाला ने की।

इस दौरान बसपा नेताओं ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर की प्रतिमाओं की बेअदबी की घटनाओं को लेकर पहले भी पंजाब के विभिन्न जिलों के डिप्टी कमिश्नरों के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भेजे जा चुके हैं। इनमें आरोपियों के खिलाफ समयबद्ध कार्रवाई करने, उन्हें गिरफ्तार करने तथा कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाने की मांग की गई थी।

इसी कड़ी के तहत आज पटियाला में डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल को मांग पत्र सौंपा गया।

प्रतिमाओं की सुरक्षा के स्थायी प्रबंध की मांग

बसपा नेताओं ने कहा कि पंजाब भर में बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर तथा बहुजन समाज के अन्य रहबरों की प्रतिमाओं की सुरक्षा के लिए स्थायी निगरानी और पुख्ता सुरक्षा प्रबंध करने की मांग भी सरकार के समक्ष रखी गई थी। लेकिन सरकार की ओर से इस दिशा में कोई स्थायी व्यवस्था नहीं किए जाने के कारण ऐसी घटनाएं रुकने की बजाय लगातार सामने आ रही हैं।

बसपा नेताओं ने 8 सितंबर 2026 को लुधियाना में बाबा साहेब की प्रतिमा की बेअदबी की घटना पर भी गंभीर रोष जताया। उन्होंने सरकार से मांग की कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को तुरंत गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

सरकार को दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

बसपा नेताओं ने कहा कि बाबा साहेब और बहुजन समाज के अन्य रहबरों की प्रतिमाओं की सुरक्षा केवल एक समुदाय का नहीं, बल्कि सामाजिक सम्मान और संविधान के प्रति सम्मान का विषय है। उन्होंने पंजाब सरकार से मांग की कि प्रदेशभर में ऐसी प्रतिमाओं की सुरक्षा के लिए पुख्ता और स्थायी व्यवस्था की जाए तथा बेअदबी की घटनाओं को अंजाम देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने प्रतिमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए ठोस कदम नहीं उठाए तो पार्टी की ओर से संघर्ष को और तेज किया जाएगा।

ये रहे मौजूद

इस मौके पर जोगा सिंह पनौदिया, प्रदेश महासचिव बसपा पंजाब एवं लोकसभा इंचार्ज पटियाला, दर्शन सिंह नडियाली, गुरदास सिंह घड़ामा, बंत सिंह झंडी, जगमेल सिंह जस्सल, सुखलाल, रूप सिंह बठोई, हरदेव सिंह बिशनपुर, जिला इंचार्ज सुरजीत सिंह गोरिया, मास्टर प्रीतम सिंह भैड़वाल, सुखबीर सिंह, कान चंद, जसवीर खडोली, सिकंदर सिंह चौधरी, मनोज कुमार, चंद सिंह पट्टी, केसरी सिंह चमार हेड़ी, राजिंदर सिंह चप्पड़, सरबजीत कौर नाभा और हरबंस सिंह पंचायत अफसर सहित बड़ी संख्या में बसपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *