जीत समाचार | लुधियाना PAU में ‘जश्न-ए-इंकलाब’ में विधायक सिद्धू का शक्ति प्रदर्शन

0

हजारों स्कूटर-मोटरसाइकिल सवार युवाओं के काफिले के साथ पहुंचे, गूंजे ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारे

लुधियाना, 29 सितंबर 2026 (अरू कुमार)

शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह के जन्मदिवस के अवसर पर पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (PAU) में आयोजित राज्य स्तरीय ‘जश्न-ए-इंकलाब’ कार्यक्रम में विधानसभा हलका आत्म नगर के विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू बड़ी संख्या में समर्थकों और युवाओं के साथ शामिल हुए। इस दौरान हजारों की संख्या में स्कूटर और मोटरसाइकिल सवार युवाओं ने कार्यक्रम में शिरकत की।

कार्यक्रम में विधायक सिद्धू के साथ पार्षदों, ब्लॉक प्रधानों, युवा प्रधानों, वार्ड प्रधानों, महिला विंग के सदस्यों, ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ टीम के सदस्यों तथा बड़ी संख्या में समर्थकों का जमावड़ा देखने को मिला।

मोटरसाइकिलों का काफिला लेकर PAU पहुंचे युवा

कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शाम करीब 4 बजे स्थानीय दाना मंडी स्थित अरोड़ा पैलेस से स्कूटर और मोटरसाइकिलों पर सवार युवाओं का काफिला रवाना हुआ। काफिले में शामिल युवा ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारे लगाते हुए पंजाब कृषि विश्वविद्यालय पहुंचे।

विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू ने कहा कि शहीद भगत सिंह के जन्मदिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम युवाओं को उनके विचारों और संघर्ष से जोड़ने का अवसर है। उन्होंने युवाओं से शहीद भगत सिंह के विचारों और उनके लिखे साहित्य को पढ़ने की अपील की।

‘शहीद भगत सिंह के विचारों को समझने की जरूरत’

विधायक सिद्धू ने कहा कि शहीद भगत सिंह जिस समाज का सपना देखते थे, उसे साकार करने के लिए युवाओं को उनके विचारों को समझना होगा। उन्होंने कहा कि ‘इंकलाब जिंदाबाद’ केवल नारा नहीं बल्कि अन्याय और शोषण के खिलाफ संघर्ष की भावना का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि शहीद भगत सिंह की विचारधारा के अनुसार मनुष्य द्वारा मनुष्य और एक वर्ग द्वारा दूसरे वर्ग के शोषण के खिलाफ संघर्ष जारी रहना चाहिए। उन्होंने युवाओं से देश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने का आह्वान किया।

‘रंगला पंजाब’ के सपने को साकार करने का दावा

विधायक सिद्धू ने कहा कि पंजाब सरकार शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह के सपनों का ‘रंगला पंजाब’ बनाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब की युवा शक्ति को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाना और उन्हें शहीदों की विचारधारा से जोड़ना समय की जरूरत है।

उन्होंने कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचने वाले अपने साथियों और समर्थकों का तहेदिल से धन्यवाद करते हुए कहा कि शहीद भगत सिंह के सम्मान में आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं की भागीदारी उनके प्रति सम्मान को दर्शाती है।

कार्यक्रम के दौरान PAU परिसर में शहीद भगत सिंह के विचारों और ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारों की गूंज सुनाई दी। विधायक सिद्धू के नेतृत्व में पहुंचे समर्थकों की बड़ी मौजूदगी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही।

दैनिक विज्ञापन
दैनिक विज्ञापन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed