जीत समाचार | खन्ना SSP डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने गुलजार ग्रुप में छात्रों से किया सीधा संवाद
छात्रों के साथ लंच कर सुनी समस्याएं, सुझावों पर भी हुई चर्चा
खन्ना, 30 सितंबर: शर्मा
खन्ना की SSP डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने गुलजार ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस (GGI) में विद्यार्थियों के साथ सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने छात्रों के साथ दोपहर का भोजन भी किया और उनकी समस्याओं, शिकायतों व सुझावों को विस्तार से सुना।
संवाद के दौरान विद्यार्थियों की ओर से सामने रखी गई कई छोटी लेकिन महत्वपूर्ण समस्याओं का संस्थान प्रबंधन के सहयोग से मौके पर ही समाधान किया गया।
छात्रों की आवाज बनेगा फीडबैक QR कोड
SSP ने कहा कि विद्यार्थियों और संस्थान प्रबंधन के बीच संवाद को और मजबूत करने के लिए कैंपस में प्रमुख स्थानों पर फीडबैक QR कोड लगाए जाएंगे। विद्यार्थी इनके माध्यम से अपनी शिकायत या सुझाव अपनी पहचान के साथ अथवा गुमनाम रूप से दर्ज कर सकेंगे।
‘संवाद’ प्लेटफॉर्म को बनाया जाएगा प्रभावी
डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं को सुनने और उनका समय पर समाधान सुनिश्चित करने के लिए ‘संवाद’ प्लेटफॉर्म को और प्रभावी बनाया जाएगा। इसके माध्यम से पुलिस, संस्थान प्रबंधन और विद्यार्थियों के बीच निरंतर संपर्क कायम रखने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बातचीत के माध्यम से समस्याओं का समय पर समाधान करना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है।
9 अक्टूबर को होगी अगली बैठक
इसी पहल के तहत पुलिस और संस्थान प्रबंधन की अगुवाई में विद्यार्थियों के साथ अगली बैठक 9 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य छात्रों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से सुनना, शिकायतों का समाधान करना और कैंपस में सकारात्मक एवं सुरक्षित माहौल बनाए रखना है।

