लुधियाना में 4 से 10 अक्टूबर तक अग्निवीर भर्ती रैली
गुरु नानक स्टेडियम में होगी भर्ती, करीब 6100 योग्य उम्मीदवार लेंगे हिस्सा
जीत समाचारvलुधियाना, 30 सितंबर: कुमार शर्मा
भारतीय सेना की ओर से ‘अग्निपथ’ योजना के तहत 4 से 10 अक्टूबर 2026 तक लुधियाना के गुरु नानक स्टेडियम में अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। यह भर्ती रैली पंजाब एवं जेडआरओ (पंजाब एवं जम्मू-कश्मीर) की निगरानी में एआरओ लुधियाना द्वारा करवाई जाएगी।
इस भर्ती रैली में लुधियाना, मोगा, रूपनगर और एसएएस नगर (मोहाली) जिलों के करीब 6100 योग्य उम्मीदवार हिस्सा लेंगे। इसके अलावा पूरे पंजाब राज्य और जम्मू डिवीजन से अग्निवीर क्लर्क के उम्मीदवार भी रैली में शामिल होंगे।
एडमिट कार्ड वेबसाइट पर उपलब्ध
जिन उम्मीदवारों ने ऑनलाइन सीईई परीक्षा पास की है, उनके एडमिट कार्ड भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं। उम्मीदवारों को ईमेल के माध्यम से भी इसकी जानकारी भेजी गई है।
उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि बारकोड स्कैनिंग में किसी तरह की परेशानी से बचने के लिए एडमिट कार्ड का हाई-रिजॉल्यूशन रंगीन प्रिंटआउट साथ लेकर आएं।
दस्तावेजों की दो-दो प्रतियां जरूरी
भर्ती रैली में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को जरूरी दस्तावेजों की दो-दो स्व-प्रमाणित प्रतियां साथ लानी होंगी। इनमें आधार कार्ड, पैन कार्ड, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, कंडी एरिया प्रमाणपत्र (यदि लागू हो), जाति प्रमाणपत्र, चरित्र प्रमाणपत्र, एनसीसी प्रमाणपत्र (यदि लागू हो), खेल प्रमाणपत्र (यदि लागू हो), शपथपत्र और अविवाहित होने का प्रमाणपत्र शामिल हैं।
रैली स्थल के अंदर मोबाइल फोन पर रोक
सेना की ओर से उम्मीदवारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि रैली स्थल के अंदर मोबाइल फोन ले जाना सख्त मना है।
उम्मीदवार भर्ती प्रक्रिया और दस्तावेजों से संबंधित आवश्यक जानकारी के लिए जारी क्यूआर कोड स्कैन कर सकते हैं।

