आप विधायक को जान से मारने की धमकी: विधायक कुलवंत सिद्धू
Views: 4
चंडीगढ़:पंजाब: 15 फरवरी 2026 यादविंदर
पंजाब में कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए गैंगस्टरों और आतंकी संगठनों ने अब सत्ताधारी दल के विधायकों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ताजा मामला लुधियाना के आत्मनगर विधानसभा क्षेत्र का है, जहां आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू को प्रतिबंधित संगठन सिख फॉर जस्टिस के आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की ओर से जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। शनिवार रात विधायक के घर के बाहर एक संदिग्ध गाड़ी द्वारा रेकी किए जाने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
विधायक कुलवंत सिद्धू ने बताया
कि पिछले एक हफ्ते से उनके पास लगातार अंतरराष्ट्रीय नंबरों से कॉल आ रही हैं। शनिवार रात करीब 9 बजे, जब विधायक अपने आवास पर कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग कर रहे थे, तभी काले शीशों वाली एक आई-20 कार उनके घर के बाहर आकर रुकी। संदिग्धों ने करीब दो मिनट तक घर की पहचान करने की कोशिश की। जैसे ही विधायक के सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, आरोपी गाड़ी भगाकर फरार हो गए। समर्थकों का शक है कि आरोपी या तो हमले की फिराक में थे या फिर ठिकाने की पुष्टि करने आए थे।
इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। पुलिस आसपास के लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि संदिग्ध कार के नंबर और उसमें सवार लोगों का सुराग लगाया जा सके। विधायक के परिवार के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियों ने उन्हें किसी भी अज्ञात अंतरराष्ट्रीय नंबर को न उठाने की सख्त हिदायत दी है।
धमकी मिलने के बावजूद विधायक सिद्धू ने बेबाकी से कहा कि वह ऐसी गीदड़ भभकियों से डरने वाले नहीं हैं। उन पर बाबा दीप सिंह जी का आशीर्वाद है और वह जनता की सेवा के मार्ग से पीछे नहीं हटेंगे। गौरतलब है कि इससे पहले लुधियाना सेंट्रल के विधायक अशोक पराशर पप्पी को भी इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं, जिसके बाद उनकी सुरक्षा बढ़ाते हुए उन्हें बुलेटप्रूफ गाड़ी मुहैया कराई गई है।
