नगर निगम ने अवैध निर्माणों पर कसा शिकंजा, दो इंस्पेक्टरों पर कार्रवाई की सिफारिश

0

Views: 19

लुधियाना, 29 मई। विक्की शर्मा

नगर निगम प्रशासन ने अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करनी शुरू कर दी है। नगर निगम आयुक्त डॉ. नीरू कत्याल गुप्ता ने बिल्डिंग ब्रांच के अधिकारियों को लंबित चालानों की वसूली में तेजी लाने और अवैध निर्माणों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

नगर निगम के जोन-डी कार्यालय, सराभा नगर में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान आयुक्त ने विभिन्न जोनों में चल रही रिकवरी और प्रवर्तन कार्रवाई की समीक्षा की। बैठक में संयुक्त आयुक्त तपन भनोट सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान अवैध निर्माणों के मामलों में लापरवाही बरतने के आरोप में बिल्डिंग इंस्पेक्टर हरमिंदर मक्कड़ और दलीप सोनी के खिलाफ चार्जशीट जारी करने की सिफारिश की गई। निगम प्रशासन का मानना है कि नियमों की अनदेखी करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई से कार्यप्रणाली में सुधार आएगा और अवैध निर्माणों पर अंकुश लगेगा।

आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित चालानों और अन्य बकाया राशि की वसूली में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। उन्होंने कहा कि निगम की आय बढ़ाने के लिए रिकवरी अभियान को और तेज किया जाएगा तथा सभी संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारी तय समय में पूरी करें।

नगर निगम ने शहरवासियों से भी अपील की है कि भवन निर्माण शुरू करने से पहले आवश्यक मंजूरी और नक्शा स्वीकृत कराएं। बिना अनुमति किए गए निर्माणों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा, बकाया किराया और लीज राशि जमा न करने वाले डिफॉल्टरों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। निगम अधिकारियों को दैनिक आधार पर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि बकाया राशि जमा न करने वालों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *