बिल्डिंग ब्रांच में मचा हड़कंप! शिकायत के बाद कमिश्नर सख्त, इंस्पेक्टरों पर गिरी गाज

0

Views: 183

मीडिया रिपोर्ट और शिकायतों का असर, नगर निगम ने शुरू की सख्त कार्रवाई

लुधियाना 30 मई 2026 लुधियाना ब्यूरो

नगर निगम लुधियाना की बिल्डिंग ब्रांच में इन दिनों हड़कंप का माहौल बना हुआ है। शिकायतों और मीडिया में लगातार सामने आ रही खबरों के बाद नगर निगम कमिश्नर ने सख्त रुख अपनाते हुए ज़ोन सी के बिल्डिंग इंस्पेक्टरों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, संबंधित अधिकारियों के खिलाफ चार्जशीट की सिफारिश किए जाने के बाद विभाग में हलचल तेज हो गई है।

दैनिक जीत समाचार से विशेष बातचीत के दौरान शिकायतकर्ता यादविंदर सिंह ने नगर निगम कमिश्नर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी शिकायतों को गंभीरता से लिया गया और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि यह कदम प्रशासन की जवाबदेही और पारदर्शिता की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।

अवैध बिल्डिंगों का खेल चल रहा था खुल्लम-खुल्ला”

यादविंदर सिंह ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में कई स्थानों पर बिना नक्शा पास करवाए निर्माण कार्य जारी था। उन्होंने कहा कि नियमों के मुताबिक किसी भी निर्माण कार्य से पहले नगर निगम से भवन नक्शा मंजूर करवाना अनिवार्य है, लेकिन इसके बावजूद खुलेआम निर्माण होते रहे और संबंधित अधिकारी मूकदर्शक बने रहे।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में ईमेल (जीमेल) और व्हाट्सएप के माध्यम से शिकायतें भी भेजी गई थीं। शिकायतों से जुड़े स्क्रीनशॉट और अन्य दस्तावेज उनके पास मौजूद हैं, जिन्हें उन्होंने दैनिक जीत समाचार को उपलब्ध कराने की बात कही है।

ऐसे अधिकारियों को तुरंत हटाया जाए”

शिकायतकर्ता ने मांग की कि ऐसे बिल्डिंग इंस्पेक्टरों को फील्ड ड्यूटी से तुरंत हटाया जाए जो नियमों के पालन में विफल रहे हैं और जिनकी कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो अवैध निर्माण और भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलता रहेगा।

यादविंदर सिंह ने कहा कि नगर निगम में ईमानदार और जिम्मेदार अधिकारियों की तैनाती ही व्यवस्था को मजबूत कर सकती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन भविष्य में भी शिकायतों पर इसी तरह निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई जारी रखेगा।

 कार्रवाई पर टिकी शहरवासियों की नजर

नगर निगम द्वारा शुरू की गई इस कार्रवाई के बाद अब शहरवासियों की नजर जांच और आगामी फैसलों पर टिकी हुई है। यदि शिकायतों में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय स्तर पर और भी कड़ी कार्रवाई हो सकती है।

दैनिक जीत समाचार इस पूरे मामले पर अपनी नजर बनाए हुए है और हर अपडेट अपने पाठकों तक पहुंचाता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *