जनगणना कार्य के बावजूद कार्यालयों के नियमित काम प्रभावित न हों: उपायुक्त गंधर्वा राठौड़

0

Views: 4

हमीरपुर, 10 जून:(जीत समाचार)

उपायुक्त एवं जिला हमीरपुर की प्रधान जनगणना अधिकारी गंधर्वा राठौड़ ने जनगणना-2027 के लिए नियुक्त प्रगणकों और सुपरवाइजरों से अपील की है कि वे जनगणना से संबंधित फील्ड कार्य अवकाश के दिनों में अथवा कार्यालय समय से पहले या बाद में करने का प्रयास करें, ताकि सरकारी कार्यालयों और संस्थानों के नियमित कार्य प्रभावित न हों।

उपायुक्त ने जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदारों, नायब तहसीलदारों, शहरी निकायों के अधिकारियों तथा स्कूल शिक्षा उपनिदेशक को निर्देश जारी करते हुए कहा कि दुर्गम क्षेत्रों और विशेष परिस्थितियों में प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को कार्यालय समय के दौरान भी फील्ड में जाने की अनुमति दी जा सकती है। हालांकि ऐसे मामलों में दैनिक प्रगति की निगरानी सीएमएमएस पोर्टल के माध्यम से सुनिश्चित की जाए।

गंधर्वा राठौड़ ने कहा कि जनगणना-2027 एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है और इसमें नियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी। उन्होंने सभी प्रगणकों और सुपरवाइजरों से निर्धारित समयावधि के भीतर पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य पूरा करने का आग्रह किया।

उपायुक्त ने बताया कि जनगणना का कार्य दो चरणों में संपन्न होगा। पहले चरण में 16 जून से 15 जुलाई तक प्रगणक घर-घर जाकर मकानों का सूचीकरण और मकान गणना करेंगे। इसके बाद अगले वर्ष वास्तविक जनगणना का कार्य किया जाएगा।

उन्होंने यह भी बताया कि जनगणना कार्य में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों के स्थानांतरण पर भी रोक रहेगी, ताकि यह महत्वपूर्ण कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed