आपातकाल ही नहीं, हर सामाजिक अभियान में अहम भूमिका निभा सकते हैं आपदा मित्र : डीसी गंधर्वा राठौड़

0

Views: 22

हमीरपुर, 23 जुलाई।दिनेश शर्मा

उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की अध्यक्ष गंधर्वा राठौड़ ने कहा कि जिले में प्रशिक्षित आपदा मित्र केवल प्राकृतिक आपदाओं के दौरान ही नहीं, बल्कि यातायात प्रबंधन, नशा मुक्ति, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण और अन्य जनहित अभियानों में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

हमीर भवन में आयोजित प्रमाण-पत्र वितरण समारोह के दौरान दियोटसिद्ध के चैत्र मास मेलों में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले आपदा मित्रों को सम्मानित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि इन स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सराहनीय भूमिका निभाई है।

उन्होंने बताया कि आपदा मित्र योजना का उद्देश्य ऐसे प्रशिक्षित स्वयंसेवकों का नेटवर्क तैयार करना है, जो किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव दलों के पहुंचने से पहले स्थानीय स्तर पर तत्काल सहायता और रेस्क्यू कार्य शुरू कर सकें। उन्होंने कहा कि किसी भी दुर्घटना या आपदा के समय सबसे पहले स्थानीय लोग ही मौके पर पहुंचते हैं, इसलिए उनका प्रशिक्षित होना बेहद आवश्यक है।

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन अब आपदा मित्रों की सेवाओं का उपयोग नशा मुक्त अभियान, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण और अन्य सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों में भी करेगा, ताकि समाज में उनकी सकारात्मक भागीदारी और प्रभाव को बढ़ाया जा सके।

इस अवसर पर डीडीएमए की प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण प्रभारी समीक्षा शर्मा, जिला इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर के प्रभारी भानु शर्मा, स्वयंसेवी संस्था एडूकेयर के अधिकारी गुरजीत सिंह भुल्लर तथा अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed